जनपद के भगतपुर थानांतर्गत ग्राम मानपुर में शुक्रवार दोपहर ईद मिलादुन्नबी के जुलूस के दौरान दो संप्रदायों के बीच टकराव हो गया। इस दौरान दोनों गुटों की ओर से जमकर पथराव हुआ। देखते ही देखते माहौल इतना गरमा गया कि असलहे भी निकल आए। दोनों पक्षों के बीच जमकर फायरिंग भी हुई। इसमें आधा दर्जन लोग घायल हो गए। मौके पर पहुंचे एक दरोगा तथा चार सिपाहियों को भीड़ ने दौड़ा दिया।
सतेंद्र नामक एक सिपाही को पीटे जाने की जानकारी भी मिली है। सूचना मिलते ही मुरादाबाद से पुलिस तथा प्रशासन के अफसरों को भारी फोर्स के साथ मौके पर भेजा गया है। उधर, पाकबड़ा थाना क्षेत्र के मंगूपुरा गांव व कुंदरकी में भी ईद मिलादुन्नबी के जुलूस को लेकर तनाव हो गया है।
जानकारी के मुताबिक एक पक्ष ने जुलूस की अनुमति न लिए जाने का मुद्दा उठाते हुए विरोध जताया। इसके बाद दूसरे पक्ष के लोग जुलूस निकालने की जिद पर अड़ गए। यहां भी फोर्स बढ़ाकर पुलिस अफसर स्थिति सामान्य करने में लगे हैं।