70 हजार से ज्यादा मृतक डाल रहे हैं वोट

दिल्ली के चुनावों में इलेक्ट्रानिक वोटिंग मशीनों से जिन्न भले नहीं निकलें लेकिन मतदान केंद्रों पर ये जिन्न वोट डालने जरूर आते हैं। चौंकिए मत, देश की राजधानी में मरे हुए लोग भी वोट डालते हैं। स्वर्ग सिधार चुके ऐसे 70 हजार से ज्यादा मतदाता शहर की मतदाता सूची में पाए गए हैं और आशंका जताई जा रही है कि इन्होंने पिछले विधानसभा व नगर निगम चुनावों में मतदान भी किया है। इनकी संख्या सवा लाख तक पहुंचने का अनुमान है। वैसे यहां फर्जी मतदाताओं की संख्या लगभग 15 लाख के आसपास है। दिल्ली चुनाव कार्यालय के बूथ लेवल अधिकारियों द्वारा पहली बार घर-घर जाकर मतदाता सूची के मिलान के लिए चलाए गए विशेष सर्वे के बाद यह सनसनीखेज खुलासा हुआ है। दिल्ली के मुख्य चुनाव अधिकारी विजय देव के अनुसार पिछले साल दिसंबर में किए गए सर्वे में पता चला कि राजधानी के 1,22,60,341 मतदाताओं में से 14,78,288 (11 प्रतिशत) मतदाता फर्जी हैं। इन फर्जी मतदाताओं की जांच में पता चला कि इनमें से 78,217 मतदाता मर चुके हैं जबकि 6,60,407 मतदाता उस पते पर पाए ही नहीं गए, जहां का विवरण उन्होंने मतदाता सूची में लिखा रखा है।

इनके अलावा 30,158 मतदाताओं के मिलते-जुलते नाम पाए गए, जो असल में फर्जी हैं। चुनाव कार्यालय के सर्वे में यह भी पता चला है कि मरे हुए व फर्जी मतदाताओं के नाम न केवल मतदाता सूची में दर्ज हैं, बल्कि पिछले कुछ वर्षो में दिल्ली में हुए चुनावों में इन्होंने मतदान भी किया है। महत्वपूर्ण यह भी है कि विपक्षी भाजपा ने फर्जी मतदाताओं की मौजूदगी की आशंका पहले ही व्यक्त की थी। सर्वे के नतीजों के अनुसार महरौली, करावल नगर, मटियाला, नरेला, मंगोलपुरी, मादीपुर, उत्तम नगर, शकूरबस्ती, बाबरपुर, सीमापुरी, तुगलकाबाद, बदरपुर, सदर बाजार, मुंडका, मंगोलपुरी, सुल्तानपुरी माजरा तथा संगम विहार आदि विधानसभा क्षेत्रों में मरे हुए मतदाताओं का पता लगा है। इन विधानसभा क्षेत्रों में 10 प्रतिशत मतदाताओं के पहचान पत्र पर फोटो नहीं है। वर्ष 2008 के विस चुनाव में कांग्रेस ने इनमें से ज्यादातर सीटों पर विजय दर्ज की थी, जबकि 2012 के नगर निगम के चुनावों में भाजपा ने इन इलाकों में परचम लहराया है। इसका मतलब यह भी हुआ कि कांग्रेसी व भाजपा नेताओं की चुनावी किस्मत तय करने में ये मरे हुए व फर्जी मतदाता भी निर्णायक भूमिका निभाते रहे हैं।

error: Content is protected !!