इलाहाबाद । कई दिनों से शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से चल रहे महाकुंभ में रविवार का दिन काल बनकर श्रद्धालुओं के सामने आया। इलाहाबाद स्टेशन पर मची भगदड़ में 36 श्रद्धालुओं की जानें चली गईं। ऐसा नहीं है कि यह भीड़ अचानक वहां आ गई थी। सभी को पता था कि मौनी अमावस्या के दिन लोग बड़ी तादाद में वहां पहुंचते हैं। ऐसे में चाहे रेल प्रशासन हो या स्थानीय पुलिस किसी ने इस ओर ध्यान ही नहीं दिया था। अब भी कोई इस भयानक घटना की नैतिक जिम्मेदारी नहीं ले रहा है। रेल मंत्रालय से लेकर यूपी सरकार तक सभी एक-दूसरे पर दोषारोपण में जुटे हैं।
गौरतलब है कि महाकुंभ में मौनी अमावस्या का पवित्र स्नान करने के बाद वापस लौटने वाले श्रद्धालुओं के इलाहाबाद स्टेशन पर जमावड़े से मची अफरातफरी और पुलिस को उन्हें कंट्रोल कराने के लिए चलाई गई लाठियों से यहां भगदड़ मच गई। जब तक यह सब थमा तब तक इलाहाबाद स्टेशन पर 36 लोगों की मौत हो चुकी थी और पूरे इलाहाबाद स्टेशन पर अपने को खो देने वालों और एक दूसरे की तलाश में बेतहाशा दौड़ते लोगों की चीख पुकार ही सुनाई दे रही थी। प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने हादसे पर दुख व्यक्त किया है।
उत्तर प्रदेश सरकार ने हादसे में मारे गए लोगों के परिजनों को पांच लाख रुपये और घायलों को एक-एक लाख का मुआवजा देने की घोषणा की है। हादसे की जांच के लिए भी एक कमेटी गठित की गई है। हादसे के बाद कुछ जगहों पर हेल्पलाइन भी शुरू की गई है, जिनका नंबर है :-नई दिल्ली 011-23342954/011-23341074, पुरानी दिल्ली 011-23967332, इलाहाबाद 0532-2408149/2408128, मुगलसराय 05412-254145।
इससे पूर्व कुंभ क्षेत्र में मची अफरातफरी में पांच लोगों की मौत हो गई और सैकड़ों लोग घायल हो गए। गंभीर दशा वाले 58 लोगों को स्वरूपरानी अस्पताल में रेफर किया गया है। अफरातफरी में हजारों लोग अपने परिवारों से बिछुड़ गए हैं। रविवार को संगम में आस्था से सराबोर तीन करोड़ से ज्यादा श्रद्धालुओं ने पुण्य प्राप्ति के लिए डुबकी लगाई।
संगम में डुबकी लगाकर लौटी भीड़ का रेला जब वापसी के लिए इलाहाबाद रेलवे स्टेशन पर पहुंचा तो वहां पर लाखों लोगों का जमावड़ा हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार शाम के समय स्टेशन और उसके आसपास दस लाख से भी ज्यादा की भीड़ थी। प्लेटफार्म नंबर छह पर शाम करीब सात बजे पुलिस ने जैसे ही लाठी भांजी, घबराकर हजारों लोग सहसा दौड़ पड़े। नतीजा यह हुआ कि उनके धक्के से फुटओवर ब्रिज की रेलिंग टूट गई और एक-दूसरे के ऊपर सैकड़ों लोग नीचे आ गिरे। इससे 36 से ज्यादा लोग मारे गए। दो दर्जन से ज्यादा लोग घायल हैं। मंडल रेल प्रबंधक हरिंदर राव ने लाठीचार्ज से इन्कार किया है।
कुंभ क्षेत्र में प्रात:काल से ही कई स्थानों पर भीड़ का ऐसा दबाव बना कि व्यवस्था बिगड़ी और पुलिस तंत्र का भीड़ से नियंत्रण हट गया। कुंभनगर के सेक्टर 12 में अपराह्न एक बजे भीड़ में शामिल लोग इधर-उधर भागने लगे। इस दौरान एक वृद्ध की मौत हो गई। उनकी शिनाख्त गोविंद राय (62) के रूप में की गई। वह पश्चिम बंगाल के 24 परगना जिले के थाना नया डीह के विजयनगर गांव के रहने वाले थे। इसी सेक्टर में तेलूराम (55) का भी शव पाया गया है। वह हरियाणा के करनाल जिले के किजना थाना क्षेत्र स्थित बिजपुर गांव के थे। यहां पर एक अज्ञात वृद्धा का भी शव मिला है। जबकि कुंभ क्षेत्र के अस्पताल में हैदराबाद की कौशल्या मोदानी (70) और अहमदाबाद के रजनीकांत (57) की मौत हो गई।
कुंभ क्षेत्र में प्रात: करीब आठ बजे ऐसा क्षण था जब मुख्य स्नान स्थल संगम नोज पर श्रद्धालुओं का दबाव काफी बढ़ गया। उन्हें हटाने के लिए पुलिस ने बल प्रयोग करना शुरू कर दिया। अभी इस स्थिति से पुलिस निबटने की कोशिश कर ही रही थी कि शाही घाट पर अखाड़ों के साधु-संतों के साथ आम श्रद्धालुओं की भीड़ भी आ घुसी। पुलिस ने जब स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश की तो कई लोग घायल हो गए। धक्कामुक्की की ऐसी ही स्थिति सेक्टर 9, सेक्टर 2 और काली रोड पर भी बनी। शाम तक मेला क्षेत्र के अस्पतालों में 294 लोगों को भर्ती किया जा चुका था। गंभीर रूप से घायल 58 लोगों को जिला अस्पताल में रेफर किया गया है। इनमें कई लोगों की तबियत भीड़ में फंसने से बिगड़ी है। प्रशासन ने कुंभ में भगदड़ की वजह से लोगों के मरने से इन्कार किया है।
प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने रेलवे स्टेशन पर हुए हादसे पर शोक व्यक्त किया है। उत्तर प्रदेश सरकार ने घटना के मारे गए प्रत्येक व्यक्ति के आश्रित को पांच लाख रुपये और प्रत्येक गंभीर घायल को एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता का एलान किया है। साथ ही राजस्व परिषद के अध्यक्ष जगन मैथ्यूज की अध्यक्षता में जांच कमेटी गठित की है। प्रधानमंत्री ने रेल मंत्रालय सहित केंद्र सरकार के अंतर्गत आने वाले अन्य मंत्रालयों को हादसे में राहत की बाबत मदद उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है।
राहत और बचाव को भेजी पांच कंपनी और पीएसी :-
इलाहाबाद रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर छह पर हुए हादसे को गंभीरता से लेते हुए सरकारी मशीनरी राहत और बचाव में जुट गयी है। पुलिस महानिरीक्षक कानून-व्यवस्था बद्री प्रसाद सिंह ने बताया कि स्थिति संभालने और लोगों की मदद के लिए तत्काल प्रभाव से पांच कंपनी पीएसी भेजी गयी है। आपदा प्रबंधन की टीम भी लगाई गयी है। शासन स्थिति को लेकर बेहद संवेदनशील है और इस बात के प्रयास किये जा रहे हैं कि कहीं कोई असुविधा न हो। उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाओं में अफवाहों से भी स्थिति खराब होती है, इसलिए प्रशासनिक अधिकारियों को हिदायत दी गयी है कि अफवाहों पर नियंत्रण करें। राहत और बचाव में लगी टीम को अफरातफरी पर नियंत्रण करने और घायलों की भरपूर मदद के निर्देश दिए जा रहे हैं।
हेल्पलाइन नंबर
नई दिल्ली 011-23342954/011-23341074
पुरानी दिल्ली 011-23967332
इलाहाबाद 0532-2408149/2408128
मुगलसराय 05412-254145
मृतकों व घायलों की सूची :-
मृतक :-
1. उर्मिला देवी (70), पत्नी छोटे लाल, रामबाग, बक्सर
2. बिपताबाई (60), पत्नी देवप्रसाद मझौली, जबलपुर
3. नत्थूलाल द्विवेदी (72), पिता दिवंगत श्रीराम द्विवेदी, आशा नगर, हरदोई
4. संध्या शुक्ला (46), पत्नी राजेश कुमार, चकेरी, कानपुर
5. कामताबाई (65), पत्नी गोपीनाथ, औरंगाबाद, महाराष्ट्र
6. रामकला श्रीवास्तव, पुत्र गंगा प्रसाद, मेहंदीनगर, प्रतापगढ़
7. रामसुती, भिंड, मध्य प्रदेश
8. शिवकुमारी, आरा, बिहार
9. आशा देवी, आरा, बिहार
10. बिपताबाई (60), पत्नी देवप्रसाद मझौली, जबलपुर, मध्य प्रदेश
11. चौथी लाल मीणा (46), पुत्र सुखराम
12. बबिता (35)
13. शिवकुमार देवी (45), पत्नी रमेशचंद्र, कृष्णगढ़, आरा, बिहार
घायल :-
1. प्रवीण (25), सोनीपत, हरियाणा
2. राम निवास (45), सोनीपत, हरियाणा
3. पार्वर्ती (45), धनबाद, झारखंड
4. शेष बहादुर (32), सोन बिहार, दिल्ली
5. सुमित्रा (60), बिगर, कर्नाटक
6. छोटे लाल यादव (60), बक्सर, बिहार
7. मुनीश देवी (40), मॉडल टाउन, दिल्ली
8. राजेश गुप्ता (22), दिल्ली
9. शगुनबाई (35), बड़गांव
10. ज्योति (18), बड़गांव
11. देवकी यादव (55), झारखंड
12. बिल्लो (35), जौनपुर, उप्र
13. कृष्णादेवी (40), बक्सर, बिहार
14. कमलेश मिश्रा (40), नवादा, बिहार
15. शकुंतला (35)
16. सत्यम भावना (30)
17. शेष बहादुर (55)
18. शाहबहादुर (45), इटावा, उप्र
19. लक्ष्मी अवस्थी (35), फतेहपुर, उप्र
20. बिट्टन (55) सतना, मध्य प्रदेश
21. प्रवीण कुमार (40), सोनीपत, हरियाणा
22. सरस्वती (30), छिंदवाड़ा, छत्तीसगढ़
23. राजीव गुप्ता (50), फरीदाबाद, हरियाणा
24. राधिका देवी (40), मेहरौली, दिल्ली
25. शाकराबाई (40)
26. सनंत कुमार, मिश्र पुत्र राजकुमार मिश्र, विध्ववासिनी अकबरपुर बांदा, उप्र
27. लक्ष्मीकांत विमल (36), पुत्र कृष्णकांत विमल, लोहना मधुबनी, बिहार
28. रंजना झा (35), पत्नी नागेंद्र झा, कटवरिया, दिल्ली
29. सविता झा (42), पत्नी मणेश्वर झा, दिल्ली
30. बिट्ट (55), पत्नी सालिगराम सिविल लाइंस, सतना, मध्य प्रदेश
31. शुकनबाई (35), पत्नी मुनीश बड़ागांव रीठी, कटनी, मध्य प्रदेश
32. ज्योति (12), पुत्री मुनीश बड़ागांव रीठी कटनी, मध्य प्रदेश