घायलों से मिलने हैदराबाद पहुंचे पीएम

man mohan singh 2013-2-24

नई दिल्ली। हैदराबाद में हुए धमाकों से घायल पीड़ितों का हाल और स्थिति का जायजा लेने के लिए प्रधानमंत्री रविवार को ग्यारह बजे राज्य के दौरे पर पहुंचे। यहां से वह पहले सीधे घटनास्थल गए और जानकारी ली। उनके साथ में राज्य के मुख्यमंत्री के साथ पुलिस के आला अधिकारी भी शामिल थे। यहां से वह यशोदा और उस्मानिया अस्पताल में घायलों से मिलने जाएंगे। पीएम प्रदेश के ताजा हालात पर आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन किरण कुमार रेड्डी के साथ बातचीत करेंगे। गुरुवार को हुए दो बम धमाकों में यहां पर सोलह लोगों की मौत हो गई थी।

इससे पहले भी केंद्रीय गृहमंत्री सुशील कुमार शिंदे, भाजपा अध्यक्ष राजनाथ सिंह भी घटनास्थल का दौरा कर चुके हैं। अभी तक पुलिस ने इस हमले के जिम्मेदार के तौर पर किसी नाम का खुलासा नहीं किया है। पुलिस का दावा है कि उसको सीसीटीवी फुटेज से कुछ अहम सबूत मिले हैं। इन फुटेज में एक व्यक्ति साईकिल पर आता और फिर कुछ देर के बाद वह पैदल जाता दिखाई दे रहा है। आशंका है कि इसी व्यक्ति ने साइकिल में बम रखा था जिससे दिलसुखनगर में धमाका हुआ था।

इस घटना की जांच के लिए पंद्रह टीमों का गठन किया गया है। राज्य के मुख्यमंत्री और गृहमंत्री की अध्यक्षता में हुई बैठक में इस बात का निर्णय लिया गया। इस मामले में अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।

error: Content is protected !!