शहीद हेमराज के गांव में ‘कुबेर’ ने लुटाए नोट

shaeed hamraj 2013-3-6मथुरा। शहीद हेमराज के गांव खैरार में एक ‘कुबेर’ ने जमकर नोट लुटाए। गांव की गलियों में तो नोटों की गड्डियां बिखेरी हीं, राह में जो भी मिला उसे भी पांच-पांच सौ के नोट थमाता चला गया।

पिछले दिनों सीमा पर शहीद हुए लांस नायक हेमराज के गांव में रविवार को सफेद इनोवा सवार यह धनकुबेर पहुंचा। गांव की सीमा में पैर रखते ही उसने शहीद और वहां के लोगों को नमन किया। इसके बाद शहीद की जय-जयकार करते हुए उसने गांव के रास्ते में मिलने वाले ग्रामीणों को रुपये बांटने शुरू कर दिए। ग्रामीणों के अनुसार उसने न किसी का नाम पूछा और न ही कोई बात की। गांव के मुख्य मार्ग से गांव में प्रवेश करते हुए कार सवार दो-तीन गलियों में गया। इस दौरान बिना रुके नोटों की बारिश करता रहा या लोगों के हाथ में देता रहा।

नोट बांटने की खबर सुनते ही बच्चे एवं बड़े दौड़ते हुए उसके पास पहुंचे तो उसने मुट्ठियों में भरकर नोट फेंके। ग्रामीणों ने बताया कि इस धन वर्षा में किसी के हाथ कई-कई नोट पड़े तो किसी को एकाध नोट पर ही संतोष करना पड़ा। नोट बांटने के बाद वह व्यक्ति सीधे लौट गया। हालांकि ग्रामीणों को धन लुटाने वाले उस व्यक्ति ने शहीद परिवार से मुलाकात नहीं की। शहीद हेमराज के भाई जयसिंह ने बताया कि वह व्यक्ति स्वयं को दिल्ली का बता रहा था। उसने कुछ लोगों से थोड़ी बातचीत भी की थी। हालांकि उसने यह नहीं बताया कि वह पैसा क्यों लुटा रहा है और कितना पैसा उसने लुटाया। लेकिन कुछेक ग्रामीणों के हाथ अच्छे खासे नोट लग गए। गांव में इस तरह हुई धन वर्षा से लोग खुश थे तो हैरान भी। गांव वाले नोट बटोरने में इतने मगन हो गए थे कि गाड़ी का नंबर भी नोट नहीं कर सके।

error: Content is protected !!