नई दिल्ली. मौज-मस्ती के इरादे से अक्सर अपनी बाइक और कार उठाकर राजधानी के अहम पिकनिक डेस्टिनेशन माने जाने वाले इंडिया गेट पर आने वाले दिल्लीवासियों के लिए एक बुरी खबर है।
इंडिया गेट अब दफ्तर की तर्ज पर कुछ निश्चित घंटों के लिए ही पर्यटकों के लिए उपलब्ध रहेगा। दिन ढलने के साथ ही पर्यटकों को इंडिया गेट खाली कर वापस लौटना होगा। हैदराबाद धमाकों के बाद से ही दिल्ली हाई अलर्ट पर है।
पुलिस के मुताबिक पर्यटकों के लिए इंडिया गेट अब सुबह 6 से शाम 4 बजे तक ही उपलब्ध रहेगा। चार बजने के साथ ही इंडिया गेट की सुरक्षा में मौजूद पुलिसकर्मी इस ऐतिहासिक धरोहर को खाली करा देंगे।
दिल्ली पुलिस इस व्यवस्था को बीते कुछ दिनों से अमल में ला रही है। एक अधिकारी ने बताया कि हैदराबाद धमाके के बाद इंडिया गेट को उड़ाने की खुफिया सूचना के बाद से ही यहां की सुरक्षा को चाक चौबंद कर दिया गया है।
शुरुआत में इंडिया गेट को पर्यटकों के लिए बंद रखने का निर्णय लिया गया था। हालांकि पर्यटकों के भारी दबाव के चलते बाद में दिन के उजाले में इंडिया गेट को खोलने का निर्णय लिया गया।
अधिकारी के मुताबिक रात के अंधेरे का फायदा उठाकर किसी भी असामाजिक तत्व के इंडिया गेट के नजदीक आने की आशंका अधिक है। लिहाजा इंडिया गेट की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए यह निर्णय लिया गया है। हालांकि आला अधिकारियों द्वारा यह अभी साफ नहीं किया गया है कि यह व्यवस्था सुरक्षा के मद्देनजर कुछ महीनों के लिए की गई है या फिर हमेशा के लिए।
नई दिल्ली जिले के पुलिस उपायुक्त एसबीएस त्यागी ने बताया कि सुबह सूरज की पहली किरण के साथ ही इंडिया गेट खुलेगा और शाम चार बजे इंडिया गेट से पर्यटकों की वापसी सुनिश्चित कर दी जाएगी। यह पूरी कवायद केवल इंडिया गेट की सुरक्षा के मद्देनजर की जा रही है।