राम सिंह की मौत पर गहराया रहस्य, उठेगा लापरवाही से परदा

ramsinghrape 2013-3-13नई दिल्ली। वसंत विहार गैंगरेप के मुख्य आरोपी राम सिंह (35) ने फांसी लगा आत्महत्या की है या नहीं उसे मार कर लटकाया गया, यह तो जांच के बाद पता चलेगा। फिलहाल मामले में तिहाड़ जेल में ड्यूटी में बड़ी लापरवाही सामने आई है। वार्ड में कैदियों की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए नियुक्त वार्डर घटना की रात ड्यूटी पर नहीं था या वह सो रहा था! इसका पता लगाया जा रहा है।

तिहाड़ प्रशासन को दिए जवाब में जेल अधिकारियों ने बताया है कि वार्डर ड्यूटी पर था। ऐसे में बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि यदि वह ड्यूटी पर था तो उसे घटना की जानकारी क्यों नहीं हुई? इस सवाल का जवाब अधिकारियों के पास नहीं है। तिहाड़ जेल के कानून अधिकारी व प्रवक्ता सुनील गुप्ता ने कहा कि अभी तक कोई लापरवाही सामने नहीं आई है। मामले की न्यायिक जांच चल रही है इसलिए अलग से विभागीय जांच नहीं हो सकती। जांच की रिपोर्ट आने के बाद, जो भी परिणाम आएगा उसके आधार पर कार्रवाई होगी।

आपको बता दें राम सिंह तिहाड़ की जेल संख्या-3 के वार्ड-2 में बंद था। तिहाड़ के आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक एक चारदीवारी के अंदर इस वार्ड में चारों तरफ से 24 सेल (कमरे) बने हुए हैं। बीच का हिस्सा बिल्कुल खुली जगह है। जो देखने में पार्क की तरह है। इस वार्ड के हर सेल में तीन या चार कैदी रखे गए हैं। सूर्यास्त के बाद सेल बंद हो जाता है। उसकी चाबी जेल के गेट के पास ड्योढ़ी पर रख दी जाती है। इस चाबी को सुरक्षाकर्मियों की अनुमति के बिना वार्डर भी नहीं ले सकता। रात में चाबी लेने पर वार्डर को बाकायदा रजिस्टर में दर्ज करना पड़ता है कि वह किस काम के लिए चाबी ले जा रहा है। वार्ड के अंदर ही एक किनारे पर वार्डर के लिए एक छोटा कमरा है। तिहाड़ के किसी भी वार्ड में रात में लाइटें नहीं बुझती हैं। लाइट पूरी रात जलती हैं। ताकि वार्डर सेल के अंदर की गतिविधियों पर नजर रख सके। आठ घंटे की ड्यूटी के दौरान वार्डर वार्ड में चारों ओर घूम कर कैदियों का निरीक्षण करता है। ऐसे में आश्चर्यजनक है कि सेल में लाइट भी जल रही थी, अंदर वार्डर भी ड्यूटी पर था, फिर भी उसे घटना की जानकारी नहीं मिली।

ज्ञात हो कि तिहाड़ प्रशासन ने अपने अधिकारिक बयान में यह बताया है कि सोमवार को जेल खुलने के वक्त सुबह 5.45 बजे तमिलनाडु पुलिस के सिपाही ने राम सिंह को फंदे से लटका देखा था और उसने सूचना दी।

error: Content is protected !!