गोंडा। केंद्रीय इस्पात मंत्री बेनीप्रसाद वर्मा ने शनिवार को मुलायम सिंह यादव पर तल्ख वार किए। उन्होंने कहा कि मुलायम सिंह यादव का जीवन आपराधिक रहा है और आतंकवादियों से भी उनका रिश्ता है। उन्होंने यह बातें गोंडा की तेंदुआ ग्राम पंचायत स्थित कुतुबगंज बाजार में आइटीआइ भवन का शिलान्यास करने के बाद कहीं।
उन्होंने कहा कि सपा नहीं सिर्फ मुलायम सिंह यादव खराब है। उनका आपराधिक जीवन रहा है और आतंकवादियों से भी उनका रिश्ता है। उन्होंने कहा कि वह (मुलायम सिंह यादव) जहर के घूंट पी रहे हैं। कांग्रेस को समर्थन दे रहे हैं और कमीशन भी खा रहे हैं। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि बहुत जल्द वह तिहाड़ जेल जाने के लिए तैयार रहें। जिले के पिछडे़पन के लिए भी उन्होंने मुलायम सरकार को दोषी बताया। बेनी प्रसाद वर्मा उत्तर प्रदेश के गोंडा में एक जनससभा को संबोधित कर रहे थे। तभी उन्होंने मुलायम सिंह के बारे में बोलना शुरू कर दिया। एक से एक तीखे शब्द इस्तेमाल करते हुए बेनी ने मुलायम पर जमकर भड़ास निकाली। बेनी ने कहा कि कमिशन खाओ और अपने परिवार को भी खिलाओ, मगर बेनी प्रसाद वर्मा ऐसा नहीं करेगा। बेनी ने कहा कि मुलायम ने हमेशा अपने विरोधियों को अपने दुश्मनों की तरह लिया है। अपने भाषण में बेनी ने मुलायम के साथ साथ उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती को भी जमकर कोसा। उन्होंने मायावती को लुटेरी बताया और कहा कि मुलायम लुटेरे के साथ साथ गुंडे भी हैं।
बेनी बाबू के बयान पर समाजवादी पार्टी के नेता राम आसरे कुशवाहा ने कहा कि बेनी प्रसाद पागल हो गए हैं। बेनी बाबू कम बोलते हैं लेकिन जब वो बोलते हैं तो कुछ ना कुछ बखेड़ा खड़ा हो जाता है। एसपी ने मांग की है कि इस तरह के बयान देने वाले बेनी प्रसाद वर्मा को तुरंत उनके मंत्री पद से हटाया जाना चाहिए और उनका इलाज कराया जाना चाहिए।