भुवनेश्वर। पुलिस ने रविवार को दहेज प्रताड़ना मामले में ओडिशा के पूर्व कानून मंत्री रघुनाथ मोहंती के पुत्र राजा श्री को गिरफ्तार कर लिया।
वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि राजा श्री मोहंती को कटक के पास से गिरफ्तार किया गया।
उल्लेखनीय है कि ओडिशा के पूर्व कानून और शहरी विकास मंत्री रघुनाथ मोहंती को दहेज के आरोपों के चलते अपने पद से इस्तीफा देना पड़ा था। मोहंती परिवार की बहू वर्षा ने अपने ससुर, सास [प्रीतिलता] और पति पर दहेज के लिए प्रताड़ित किए जाने का आरोप लगाया था। जिसके बाद मोहंती ने अपना इस्तीफा मुख्यमंत्री नवीन पटनायक को सौंप दिया था। रघुनाथ मोहंती उड़ीसा के बालासोर जिले के बास्ता से विधायक हैं।
मोहंती की बहू वर्षा स्वोनी चौधरी ने बृहस्पतिवार को बालासोर के जिला मुख्यालय में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। वर्षा ने अपनी शिकायत में लिखा था कि मंत्री और उनका परिवार उनसे दहेज में 25 लाख रुपये और एक वाहन की मांग कर रहा है। दर्ज शिकायत के मुताबिक, मंत्री के बेटे राजा श्री मोहंती के साथ जून 2012 में हुई शादी के बाद से उसका मानसिक और शारीरिक उत्पीड़न किया जा रहा था। उसका कहना है कि उसके पिता ने मांग के अनुरूप 10 लाख रुपये दहेज के रूप में दिया था, लेकिन ससुर व उनका पूरा परिवार इससे नाखुश था और 25 लाख रुपये और एक वाहन की मांग कर रहे थे।
वर्षा ने यह भी कहा है कि मोहंती परिवार ने उसके अपहरण और उसे जान से मारने की कोशिश भी की थी। मोहंती परिवार पर धारा 498 (ए), 506, 448 और 34 के अंतर्गत मुकदमा दर्ज किया गया है।