नई दिल्ली। कोयला घोटाले की रपट कानून मंत्री के साथ साझा करने की बात कबूल करने वाले सीबीआइ निदेशक रंजीत सिन्हा इसमें बदलाव को लेकर अभी भले ही चुप्पी साध रखी है। लेकिन वह इस बाबत सुप्रीम कोर्ट को पूरी जानकारी देने को तैयार हैं। सिन्हा ने कहा कि वे सुप्रीम कोर्ट को सारी सच्चाई बताएंगे।
उससे पहले इसे सार्वजनिक रूप से बताना ठीक नहीं होगा। उन्होंने कार्मिक मंत्री नारायण सामी के साथ मुलाकात को रूटीन करार दिया है।
सुप्रीम कोर्ट में दाखिल हलफनामे में सीबीआइ निदेशक रंजीत सिन्हा ने कोयला घोटाले की रपट साझा करने की बात स्वीकार कर ली है, लेकिन रिपोर्ट में बदलाव के बारे में कुछ नहीं कहा है। इस संबंध में पूछे जाने पर रंजीत सिन्हा ने सुप्रीम कोर्ट से बाहर इस मुद्दे पर कुछ भी बोलने से इनकार कर दिया। उन्होंने कहा कि वह सुप्रीम कोर्ट के सामने पूरी सच्चाई बताने के लिए तैयार हैं।
वहीं हलफनामा दाखिल करने के एक दिन पहले कार्मिक राज्य मंत्री से मुलाकात पर उठ रहे सवालों को उन्होंने खारिज कर दिया। सिन्हा ने कहा कि सीबीआइ के रोजमर्रा के काम के लिए वह कार्मिक राज्यमंत्री से हर दिन मिलते रहते हैं। इसे हलफनामे से जोड़कर देखना उचित नहीं होगा।