नई दिल्ली। अक्सर विवादों में रहने वाले स्वामी अग्निवेश एक बार फिर से विवादों के घेरे में हैं। उनका कहना है कि मांस और शराब का सेवन करने की वजह से रेप जैसी घटनाएं होती हैं, यदि इन्हें त्याग दिया जाए तो रेप के मामले अपने आप कम हो जाएंगे।
उनका मानना है कि रेप की घटनाओं को सिर्फ कानून बना देने से कम नहीं किया जा सकता है। इससे यह यह अपराध कम होने वाला नहीं है। अग्निवेश का कहना है कि सभी प्रकार की हिंसा के लिए कहीं न कहीं शराब और मांस का सेवन ही जिम्मेदार है जिसकी तसदीक यूएन की रिपोर्ट भी करती है। अग्निवेश ने कहा कि कई अपराध और दुर्घटनाओं की जड़ में शराब होती है।
अपनी बातों को सही साबित करने के लिए उन्होंने पिछले वर्ष सोलह दिसंबर की चलती बस में हुए गैंगरेप और हाल ही में पांच साल की बच्ची से हुए रेप का भी उदाहरण दिया है। इन दोनों मामलों में आरोपियों ने शराब पी रखी थी। उनका कहना है कि शराब इंसान को अपराध करने के लिए उकसाने में कामयाब साबित होती है और वह व्यक्ति की नैतिकता को खत्म कर देती है। स्वामी अग्निवेश ने कहा कि लोगों के अंदर मांसाहारी भोजन और शराब का सेवन करने की आदत बढ़ रही है जिसे तत्काल रोका जाना जरूरी है।