बेटी ने दिलाई मां के हत्यारों को सजा

courtनोएडा। वारदात के समय ढाई साल की रही बच्ची की गवाही ने मां के हत्यारों को सजा दिलाई है। हत्या का आरोपी बच्ची का पिता और उसका ममेरा भाई था। इसके बावजूद बच्ची ने सच्चाई का पक्ष लिया और अपनी मां को पांच साल बाद इंसाफ दिला दिया है। शुक्रवार को जिला अदालत ने बच्ची की गवाही व अन्य साक्ष्यों को ध्यान में रखते हुए दोनों हत्यारों को आजीवन कारावास की सजा सुनाई। साथ ही, 25-25 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया है। जिला जज विजय लक्ष्मी की अदालत ने सजा सुनाई।

जिला शासकीय अधिवक्ता केके सिंह ने बताया कि लोकेश बुलंदशहर गांव के अनूपशहर थाना के दिनई गांव का रहने वाला है। उसकी शादी 18 फरवरी 2005 को बुलंदशहर के बीबी नगर थाना क्षेत्र में रहने वाली कविता से हुई थी। दोनों नोएडा के छलेरा गांव में आकर रहने लगे। यहां इनकी बेटी का जन्म हुआ, जिसका नाम तन्नू है। कुछ वर्ष बाद दंपती ग्रेटर नोएडा के अल्फा टू में जाकर रहने लगे।

बताया जाता है कि लोकेश का किसी युवती से अवैध संबंध था। कविता इसका विरोध करती थी। यह उसके पति को नागवार गुजरा। उसने पत्नी की हत्या की साजिश रच डाली। इसमें लोकेश के ममेरे भाई धर्म प्रकाश ने भी साथ दिया। दोनों ने 11 सितंबर 2008 को कविता की लोहे की मुसली से वार कर हत्या कर दी। जांच में उसने अपने आप को बिजनेस के सिलसिले में घटना के वक्त दिल्ली में होने की जानकारी दी थी। कोतवाली कसाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 15 सितंबर 2008 को दोनों आरोपियों को ग्रेटर नोएडा के सिटी पार्क से गिरफ्तार कर वारदात में शामिल मुसली व खून में सने कपड़े बरामद कर लिए थे।

आगरा फोरेंसिक लैब में जांच में कविता के खून होने की पुष्टि हुई। सुनवाई के दौरान आरोपी लोकेश जेल से और जमानत पर रिहा धर्म प्रकाश अदालत में पेश हुए। जिला जज विजय लक्ष्मी की आदलत ने सुनवाई के बाद लोकेश व धर्म प्रकाश को हत्या का दोषी करार देते हुए आजीवन कारावास की सजा सुनाई। साथ में 25-25 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया।

बच्ची ने कहा, पापा हैं कातिल:

एक मात्र चश्मदीद ढ़ाई साल की बच्ची तन्नू ही थी। हालांकि, शुरू में उसे गवाही देने में शामिल नहीं किया जा रहा था। आखिरकार, इलाहाबाद हाईकोर्ट के हस्तक्षेप के बाद उसकी गवाही हुई। जिला अदालत में बच्ची ने बताया कि मेरे पापा ने ही मम्मी की हत्या की है। उन्होंने अपने हाथ में लोहे की मुसली ली हुई थी और चाचा धर्म प्रकाश ने मम्मी का हाथ पकड़ रखा था। मम्मी रहम की गुहार लगा रही थी। फिर पापा ने मम्मी के सिर पर लोहे की मुसली से जोर से मार दिया। इसके बाद मम्मी कुछ नहीं बोल रही थी। जब मैं रोने लगी तब पापा ने धमका कर चुप कर दिया था।

मोबाइल लोकेशन ने बदली दिशा: घटना के वक्त लोकेश अपने आप को दिल्ली और धर्म प्रकाश बुलंदशहर में बता रहा था। कासना पुलिस ने दोनों के मोबाइल की लोकेशन निकाली, तो घटना के वक्त दोनों की लोकेशन अल्फा-टू में निकली। इससे पुलिस का शक यकीन में बदल गया।

error: Content is protected !!