मुंबई: सिंधुरक्षक में फंसे 18 नौसैनिकों में तीन के शव मिले

submarine01

मुंबई। भीषण हादसे का शिकार हुई भारतीय नौसेना की पनडुब्बी आइएनएस सिंधुरक्षक में फंसे 18 नौसैनिकों में से तीन नौसैनिक का शव शुक्रवार को डॉक से मिल गया। नौसेना के सूत्रों ने बताया कि राहत व बचाव कार्य में जुटी टीम ने सैनिकों के शव बरामद किए हैं। हालांकि अब तक उनकी पहचान नहीं हुई है। लेकिन उनकी पहचान के लिए डीएनए टेस्ट कराया जाएगा।

बृहस्पतिवार को नौसेना ने हादसे में लापता तीन अधिकारी और 15 सैनिकों के नाम की सूची जारी की थी। राहत व बचाव कार्य में जुटी टीम ने बताया कि डॉक में इतना पानी भर गया है कि कुछ भी दिखाई देना मुश्किल है। जिसकी वजह से बचाव कार्य में देरी हो रही है।

हादसे के बाद से ही नौसैनिकों का कुछ भी अता-पता नहीं था। लापता नौसैनिकों की तलाश और बचाव अभियान का काम काफी समय से ही जारी है लेकिन रक्षा मंत्रालय को इस काम में अब तक कोई बड़ी कामयाबी हासिल नहीं हुई है। मंत्रालय के मुताबिक लापता सैनिकों के बचे रहने की आशंका बहुत कम है।

गौरतलब है कि मुंबई में मंगलवार देर रात नौसेना के डॉकयार्ड में पनडुब्बी में धमाकों के बाद लगी आग के वक्त तीन अधिकारी और 15 नौसैनिक वहां मौजूद थे। इस हादसे की खबर नौसेना के परिजनों को दे दी गई है। वह आज मुंबई पहुंचने वाले हैं।

लापता लोगों की सूची

अधिकारियों में लेफ्टिनेंट कमांडर निखिलेश पाल, आलोक कुमार और आर वेंकिटराज शामिल है, जबकि सैनिकों में संजीव कुमार, केसी उपाध्याय, टिमोथी सिन्हा, केवल सिंह, सुनील कुमार, दसारी प्रसाद, लीजू लारेंस, राजेश टूटिका, अमित के सिंह, अतुल शर्मा, विकास ई, नरोत्तम देउरी, मलय हलदर, विष्णु वी और सीताराम बडापल्ली शामिल हैं।

error: Content is protected !!