दिल्‍ली विधानसभा चुनाव लड़ेंगे अन्‍ना के सहयोगी

टीम अन्‍ना के सहयोगी 2014 के आम चुनाव से पहले दिल्ली चुनाव में हिस्‍सा लेंगे। टीम अन्‍ना के प्रमुख सदस्य रहे अरविंद केजरीवाल ने बताया है कि दिल्ली विधानसभा चुनाव में उनकी पार्टी सभी 70 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। पार्टी बनाने पर अन्‍ना हजारे से मतभेद होने के मुद्दे पर उन्होंने ट्वीट करके कहा है कि अन्ना ने पार्टी बनाने को कहा था और अगर अन्ना कहेंगे तो राजनीतिक पार्टी का गठन नहीं किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि राजनीतिक विकल्प को लेकर टीम अन्‍ना में कोई मतभेद नहीं है। पार्टी बनाने का फैसला अन्ना हजारे का ही था। उन्होंने कहा कि अगर अन्ना एक बार कह देंगे कि वह राजनीतिक पार्टी बनाने के खिलाफ हैं तो हम फैसला तुरंत वापस ले लेंगे।

केजरीवाल ने ट्वीट में लिखा है, ‘दुर्भावना के तहत यह बात फैलाई जा रही है कि अन्ना राजनीतिक पार्टी बनाने के खिलाफ हैं और उनपर टीम ने फैसला थोपा है, जबकि हकीकत कुछ और है। यह फैसला अन्ना का था। अन्ना पिछले 30 सालों से भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ रहे हैं और राजनीतिक रूप काफी तेज और स्वतंत्र फैसले करने वाले शख्स हैं।’

उन्होंने आगे लिखा है कि अन्ना ने जनता की मांग को स्वीकार करते हुए यह फैसला किया था कि अब राजनीतिक विकल्प के सिवाय कोई रास्ता नहीं बचा है। केजरीवाल कहते हैं कि अन्ना ने स्पष्ट रूप से हमें राजनीतिक पार्टी बनाने का निर्देश दिया था। अगर वह आज भी इसके लिए मना कर देंगे तो पार्टी बनाने का फैसला हम तुरंत वापस ले लेंगे।

 

error: Content is protected !!