लोस चुनाव तक वसुंधरा ही रहेंगी भाजपा प्रदेश अध्यक्ष

vasundhara 3जयपुर। लोकसभा चुनाव तक वसुंधरा राजे की राजस्थान भाजपा की प्रदेश अध्यक्ष रहेंगी। पार्टी आलाकमान ने वसुंधरा को इस बारे में बता दिया है। मुख्यमंत्री पद संभालने के बाद वसुंधरा ने एक व्यक्ति एक पद के सिद्धांतों के तहत प्रदेश अध्यक्ष पद पर किसी अन्य नेता को नियुक्त करने का आलाकमान से आग्रह किया था, लेकिन केन्द्रीय नेतृत्व ने उन्हें ही लोस.चुनाव तक काम करने के लिए कहा गया है।आलाकमान ने राज्य की सभी 25 संसदीय सीटों पर वसुंधरा की पसंद के ही प्रत्याशी उतारने के भी प्रदेश के नेताओं को संकेत दे दिए है। हालांकि भाजपा के राष्ट्रीय संगठन मंत्री सौदान सिंह और राष्ट्रीय सचिव भूपेन्द्र यादव की प्रत्याशी चयन में महत्वपूर्ण भूमिका होगी। वसुंधरा के साथ ही सौदान सिंह और भूपेन्द्र यादव की टीम ने विधानसभा चुनाव में पार्टी को जबरदस्त जीत दिलाई। पार्टी को 200 में से 163 सीटें मिली जो आजादी के बाद अब तक की सबसे बड़ी जीत है। इन तीनों ही नेताओं ने विस. चुनाव से छह माह पूर्व ही प्रत्याशी चयन का काम शुरू किया और चुनाव अभियान में मण्डल तक के कार्यकर्ताओं को जोड़ा। प्रदेश अध्यक्ष और प्रत्याशी चयन को लेकर आलाकमान का मानस साफ होने के बाद लोकसभा क्षेत्रवार प्रभारियों की नियुक्ति करने की प्रक्रिया शुरू की गई है।

सूत्रों के मुताबिक यह नियुक्ति दो-तीन दिन के भीतर हो सकती है। मुख्यमंत्री एवं प्रदेश भाजपाध्यक्ष वसुंधरा राजे प्रभारियों के नामों पर चर्चा कर चुकी है और सूची को अंतिम रूप देने का काम जारी है। राजे ने पिछले दिनों भाजपा पदाधिकारियों की बैठक ली थी। इसमें 25 लोकसभा प्रभारी लगाए जाने का निर्णय किया गया था। बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं को सक्रिय करना, विधानसभा वार बैठकें लेना, चुनाव प्रबंधन समेत अन्य काम इन प्रभारियों के जिम्मे होगा। इधर विधानसभा चुनाव में पार्टी की करारी हार के बाद कांग्रेस ने नये प्रदेश अध्यक्ष बनाने को लेकर कसरत शुरू कर दी है। चुनाव में हार के बाद प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष पद से डॉ.चन्द्रभान ने इस्तीफा दे दिया था। चन्द्रभान स्वयं की जमानत जप्त हो गई थी।

आजादी के बाद कांग्रेस की राजस्थान में यह सबसे बड़ी हार है। इस बार 200 में से कांग्रेस के मात्र 21 विधायक निर्वाचित हुए है। राज्य विधानसभा में कांग्रेस विधायक दल नेता के चुनाव को लेकर मंगलवार को जयपुर में बैठक होगी। केन्द्रीय मंत्री गुलाम नबी आजाद और राष्ट्रीय महासचिव गुरदास कामत की मौजूदगी में चुनाव होगा।

error: Content is protected !!