अंतराष्ट्रीय चुनौतियों से निपटने के लिए शिक्षा का प्रसार जरूरी

राष्ट्रीय अनुंसंधान प्रोफेसर पदमश्री गोवर्धन मेहता ने उदय पारीक मैमोरियल व्याख्यान में कहा
DSC04675DSC04699जयपुर। जाने माने राष्ट्रीय अनुसंधान प्रोफेसर एवं हैदराबाद विश्वविद्यालय के पूर्व उप कुलपति पदमश्री प्रो. गोवर्धन मेहता ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय चुनौतियों से निपटने के लिए हमें अपना माइंडसेट बदलना होगा। इसके लिए नॉलेज एवं शिक्षा का प्रसार करने की जरूरत है। प्रो. मेहता मंगलवार को यहां मणिपाल यूनिवर्सिटी में भविष्य को बेहतर बनाने की चुनौतियों एवं असंभव को प्राप्त करने जैसे-रोचक व ज्ञानवर्धक विषय पर व्याख्यान दे रहे थे। यह व्याख्यान तृतीय उदय पारीक स्मृति व्याख्यानमाला के तहत नेशनल एचआरडी नेटवर्क जयपुर चैप्टर एवं मणिपाल विवि. के साझा तत्वावधान में आयोजित किया गया।
पावर प्वाइंट प्रेजेंटेशन के जरिए प्रो. मेहता ने कहा कि दुनिया में कोई चीज असंभव नहीं है। अपना भविष्य बनाने और चुनौतियों को पूरा करने की अंतहीन संभावनाएं हैं। लेकिन उनको तलासने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि अपनी आकांक्षाओं, विचारों तथा स्वयं के टेलेंट को तलाशने की जरूरत है। प्रो. मेहता ने कहा कि भारत में तीस साल से कम उम्र के युवाओं की आबादी 54 फीसदी है। लेकिन उच्च शिक्षा के क्षेत्र में जीडीपी का केवल एक प्रतिशत खर्च किया जाता है, जो तर्कसंगत नहीं है।
प्रो. मेहता ने मौजूदा परिस्थितियों में उच्च शिक्षा के क्षेत्र को नए सिरे से परिभाषित करने की जरूरत बताई। उन्होंने 21वीं सदी की मुख्य चुनौतियों को रेखांकित करते हुए कहा कि प्रत्येक भारतीय को ग्लोबल सिटीजन होना पड़ेगा, तभी इन चुनौतियों का मुकाबला कर पाएंगे।
भारत सरकार के मानव संसाधन विकास मंत्रालय के उच्च शिक्षा सचिव अशोक ठाकुर ने कहा कि जिस रफ्तार से प्राइवेट सैक्टर में उच्च शिक्षण संस्थान नए स्वरूप में सामने आकर कीर्तिमान हासिल कर रहे हैं, उसे हिसाब से मानव विकास मंत्रालय भी अपना नजरिया बदल रहा है। उन्होंने कहा कि मानव संसाधन विकास मंत्रालय राष्ट्रीय स्तर की एक डायरेक्ट्री तैयार कर रहा है,जिसमें उच्च शिक्षा के क्षेत्र से जुड़ी तमाम आवश्यक सूचनाएं समाहित होंगी। उन्होंने कहा कि उच्च शिक्षा के क्षेत्र में चुनौतियों का मुकाबला करने के लिए भारत सहित दुनिया के सभी भागों से विशेषज्ञों को जोडऩा होगा।
प्रारंभ में मणिपाल विवि. के अध्यक्ष संदीप संचेती ने अतिथियों का स्वागत करते हुए विवि. की गतिविधियों की जानकारी दी। एनएचआरडीएन जयपुर चैप्टर के अध्यक्ष डॉ. अशोक बापना ने मुख्य अतिथि प्रो. मेहता की उच्च शिक्षा के क्षेत्र में दी गई उपब्धियां बताई। ट्रस्टी डॉ. अशोक अग्रवाल ने उदय पारीक एचआरडी रिसर्च फाउंडेशन के बारे में जानकारी दी।
नेशनल एचआरडी नेटवर्क के महानिदेशक कमल सिंह, एनएचआरडीएन जयपुर के उपाध्यक्ष प्रतीम तंबोली, ट्रस्टी अनागत पारीक एवं जयपुरिया इंस्टीटयूट के महानिदेशक पंकज गुप्ता ने स्व. प्रो. उदय पारीक श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व के बारे में बताया। एनएचआरडीएन जयपुर के सचिव डॉ. प्रभात पंकज ने आभार जताया। इस अवसर पर सेंट्रल विवि. के वीसी एमएम सालुंखे, एमएनआईटी के निदेशक आईके भट्ट, जेके लक्ष्मीपत विवि. के प्रो. उपिंद्रधर सहित उच्च शिक्षा के क्षेत्र से जुड़ी अनेक हस्तियां एवं बड़ी संख्या में अन्य शिक्षण संस्थाओं एवं विश्वविद्यालयों के विद्यार्थी मौजूद थे।
कल्याण सिंह कोठारी
मीडिया सलाहकार
94140-47744

error: Content is protected !!