उदयपुर के महाराणा प्रताप अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सीआईएसएफ के जवान द्वारा कार्बाइन को साफ करते समय अचानक ट्रिगर दबने से जवान के शरीर में सात गोलियां घुस गई। इससे जवान की मौत हो गई।
पुलिस सूत्रों के अनुसार हवाई अड्डे पर हिन्दुस्तान जिंक के चार्टर प्लेन की सुरक्षा के लिए केन्द्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) का एक जवान आर.डी. नागपुरे निवासी महाराष्ट्र को तैनात कर रखा था। जवान आज ऑन ड्यूटी पर कार्बाइन को साफ कर रहा था। इसी दौरान अचानक ट्रिगर दब जाने से कार्बाइन से एक साथ सात गोलियां निकली जो इस जवान के पेट में घुस गई। हवाई अड्डे पर गोलियां चलने की आवाज से हड़कंप मच गया और तत्काल मौके पर अधिकारी पहुंचे।
अधिकारियों ने इस जवान को तत्काल एम्बुलेंस के जरिए शहर के एक निजी चिकित्सालय में भर्ती करवाया, जहां डॉक्टरों ने जवान को मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलने पर मौके पर पुलिस का जाब्ता भी पहुंचा।
पुलिस अधिकारियों ने घटनाक्रम की जानकारी लेकर मृतक को मोर्चरी में रखवाया है और मृतक के परिजनों को सूचना दी है।