‘‘चन्द्रकला की छटा धरा पर थोड़ी सी इठलाने दो,
अभी ब्याहने की जल्दी क्या है थोड़ा पढ़-लिख जाने दो’
फ़िरोज़ खान बारां, ( राजस्थान )25 मई। राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से बाल विवाह की कुरीति को दूर करने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत जिले में प्रचार-प्रसार हेतु मोबाइल वेन को अपर जिला एवं सेशन न्यायाधीश किशन चंद ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह वेन 30 मई तक जिले भर में घूम कर बाल विवाह के विरुद्ध लोगों को जागरूक करेगी।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के पूर्णकालिक सचिव एवं मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट मुजफ्फर चौधरी ने बताया कि प्रथम चरण में यह मोबाइल वेन छीपाबड़ौद के लिए रवाना की गई है। इसके पश्चात अगले पांच दिनों में जिले के विभिन्न गांवों में वेन के माध्यम से बाल विवाह की रोकथा हेतु जन जागरूकता पैदा की जाएगी। यूनिसेफ के सहयोग से राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से मोबाइल वेन के माध्यम से यह विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इस दौरान वेन से दृश्य-श्रव्य माध्यम से लोगों को इस कुरीति के बारे में जानकारी देते हुए इसे दूर करने के प्रयास किए जाएंगे। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण एवं जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में जिले में इस वेन का संचालन किया जा रहा है। वेन की रवानगी के समय प्रशासन की ओर से एडीएम नरेश मालव उपस्थित थे।
——
तीन शिक्षा सहयोगियों को नोटिस
बारां, 25 मई। मदरसों को निशुल्क पाठ्यपुस्तक वितरण कार्य में लगाए गए तीन शिक्षा सहयोगियों को निरीक्षण के दौरान अनुपस्थित मिलने पर नोटिस जारी किए गए हैं।
जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी गिरिजा शंकर मोठीस ने बताया कि पुस्तक वितरण केन्द्र का आज औचक निरीक्षण करने पर वहां लगाए गए 5 में से दो शिक्षा सहयोगी ही उपस्थित पाए गए। अनुपस्थित आबिद अली, मोईनुद्दीन एवं मोहम्मद अरसी को कारण बताओ नोटिस जारी कर कार्य में उदासीनता बरतने पर जवाब मांगा गया है। मोठीस ने बताया कि बुधवार को अंता, मांगरोल व सीसवाली के 40 व अटरु के 5 मदरसों को पुस्तकों का वितरण किया गया। गुरुवार को किशनगंज, शाहाबाद व अटरू के शेष रहे मदरसों को पुस्तक वितरण किया जाएगा।