मंत्रियों ने संभाला मोर्चा, जल प्लावन के क्षेत्रों का किया दौरा

फूलबड़ौदा में मृतकों के परिजनों को चार-चार लाख की आर्थिक सहायता
नुकसान के आकलन के दिए निर्देश, पीड़ितों को मिलेगा उचित मुआवज़ा

baran samachar( फ़िरोज़ खान )बारां, 21 अगस्त। कृषि मंत्री प्रभुलाल सैनी तथा परिवहन राज्य मंत्री व जिला प्रभारी बाबूलाल वर्मा रविवार को छबड़ा के जल प्लावन से प्रभावित क्षेत्रों के दौरे पर पहुंचे व हालत का जायज़ लिया। दोनों मंत्रियों ने राहत एवम् बचाव कार्याें। का निरीक्षण किया एवं आवश्यक निर्देश दिए। उनके साथ जिला कलक्टर डॉ एस पी सिंह व अन्य अधिकारी मौजूद थे। इसी बीच जल स्तर में उल्लेखनीय उतार आने से जनजीवन फिर से पटरी पर लौटने लगा है।

दोनों मंत्री फुलबड़ौदा गाँव पहुंचे जहां शनिवार को मकान ढहने से जान गंवाने वाले मृतकों के परिजनों से मिले व शोक जताते हुए सांत्वन्ना प्रदान की। उन्होंने प्रत्येक मृतक के परिजन को चार-चार लाख रूपए के हिसाब से कुल 24 लाख रूपए के चेक वितरित किए। उन्होंने ढह गए मकान के खण्डहर को देखा एवं मौके पर ही अधिकारियों को गांव में हुए नुकसान का आंकलन करने के निर्देष दिए। मंत्रियों ने कहा कि दुख की घडी में सरकार आम जन के साथ है। जिला कलक्टर ने बताया कि इससे पूर्व दोनों मंत्रियों ने कवाई में प्रभावित क्षेत्र का दौरा कर प्रभावितों से बातकर उन्हें सांत्वना दी। जिला प्रशासन की ओर से चलाये जा रहे राहत एवं बचाव कार्यों की समीक्षा करते हुए मंत्रियों ने जरुरी दिशानिर्देश दिए। कवाई एवं आस पास के लगभग 30 प्रभावित गाँवों में हुए नुकसान के आकलन के निर्देश दिए गए हैं। मंत्रियों ने बताया कि सरकार की ओर से नुकसान के आकलन के पश्चात उचित मुआवजा प्रदान कर प्रभावितों को राहत प्रदान की जायेगी। राहत एवं बचाव कार्यों में किसी प्रकार की कमी नहीं आने दी जायेगी।

इसी बीच गुगोर में पार्वती के बीच टापू पर 3 लोगों के फंसे होने की सूचना पर दोनों मंत्री बचाव दल के साथ करीब 2 किमी पैदल चलकर नदी किनारे पहुंचे। तेज बहाव में नदी पार करने की संभावना नहीं होने एवं नाव भी नहीं चल पाने से बचाव कार्य हेतु सेना का हेलीकॉप्टर मंगवाया गया। तीनों व्यक्ति टापू पर सुरक्षित हैं।

———

1947 में जन्मे बुजुर्ग दौडेंगे आज, शिल्पकार प्रदर्शित करेंगे अपना हुनर

बारां, 21 अगस्त। देश की स्वतंत्रता के 70 वें वर्ष में विभिन्न आयोजनों के माध्यम से नई पीढ़ी को स्वतंत्रता प्राप्ति में हुए बलिदानों की जानकारी प्रदान करने हेतु आयोजित किए जाने वाले विभिन्न कार्यक्रमों की कड़ी में सोमवार को स्वतंत्रता दौड और हस्त-शिल्प प्रदर्शनी का आयोजन किया जाएगा।

जिला कलक्टर डॉ. एस.पी. सिंह ने बताया कि प्रातः 7 बजे स्वतंत्रता दौड़ का आयोजन किया जाएगा जिसमें 1947 में जन्मे व्यक्ति एवं उनके पौत्र-पौत्रियां साथ-साथ दौड़ लगाएंगे। इस अवसर पर स्वतंत्रता संग्राम से जुड़ी प्रेरक घटनाओं आदि की जानकारी भी दी जाएगी। इससे दोनों पीढ़ियों के बीच में समन्वय के साथ-साथ आजादी को लेकर समझ का आदान-प्रदान होगा। राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय कोटा रोड से प्रारम्भ होकर यह दौड़ श्रीराम स्टेडियम पर समाप्त होगी। प्रातः 10 बजे मंडी प्रांगण में एक दिवसीय मेले का आयोजन किया जाएगा जिसमें जिले के स्थानीय कलाकार एवं शिल्पकार अपने द्वारा उत्पादित वस्तुओं का प्रदर्शन करेंगे। ये वस्तुएं बिक्री हेतु भी उपलब्ध रहेंगी। जिला कलक्टर ने नागरिकों से दोनों ही आयोजनों में बढचढ कर भागीदारी निभाने की अपील की।

error: Content is protected !!