सफाई कर्मचारियों की समस्याओं का होगा प्राथमिकता से निस्तारण

bikaner samacharबीकानेर, 14 सितम्बर 2017। राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी आयोग के सदस्य स्वामी सदानंद महाराज ने कहा कि सफाई कर्मचारियों की समस्याओं का प्राथमिकता से निस्तारण किया जाएगा।

स्वामी सदानंद महाराज गुरूवार को नगर निगम सभागार में वाल्मिकी समाज द्वारा उनके सम्मान में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि सफाई कर्मचारी अपनी समस्याएं बताएं, उनका समाधान किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अधिकारी भी सफाई कर्मचारियों की समस्याओं को संवेदनशीलता से सुनें। इस अवसर पर वाल्मिकी समाज द्वारा उनका अभिनंदन किया गया। इससे पहले अतिथियों ने महर्षि वाल्मिकी, महर्षि नवल और बाबा साहेब भीमराव अम्बेडकर के चित्र के समक्ष पुष्पांजलि अर्पित की।

महापौर नारायण चौपड़ा ने कहा कि नगर निगम, सफाई कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान के प्रति संकल्पबद्ध है। उन्होंने कहा कि निगम द्वारा आधुनिकतम यंत्र खरीदे गए हैं। इनसे सफाई कर्मचारियों का कार्य आसान हुआ है। उन्होंने कहा कि सफाई कर्मचारी, इन यंत्रों का संचालन सीखें। उन्होंने कहा कि नगर निगम द्वारा सफाई कर्मचारियों की पेंशन संबंधी समस्याओं का समयबद्ध निस्तारण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि निगम द्वारा संसाधनों के अनुरूप प्रत्येक क्षेत्र में विकास कार्य करवाए जा रहे हैं।

इस अवसर पर आयुक्त निकया गोहाएन, उपायुक्त राष्ट्रदीप यादव, पार्षद नंदलाल जावा, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के उपनिदेशक एल.डी. पंवार, अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी मोहम्मद सलीम, अनुजा निगम के परियोजना प्रबंधक मदन लाल सियाग, शिवलाल तेजी, मुकेश राजस्थानी, विनोद जावा, सुनील जावा सहित विभिन्न पार्षद, अधिकारी एवं सफाई कर्मचारी मौजूद थे।
– मोहन थानवी

error: Content is protected !!