बीकानेर 1 अक्टूबर 2017। ‘सृजनगाथा’ संस्था की ओर से इस वर्ष 14 वां अंतरराष्ट्रीय हिंदी सम्मेलन का 12 दिवसीय आयोजन राजस्थान में हो रहा है। बैंकाक, मॉरिशस, अरब अमीरात, ताशकंद, श्रीलंका, चीन, मिस्र, नेपाल आदि 13 देशों में सफल आयोजन के बाद पहली बार राजस्थान में यह आयोजन एक अक्टूबर से जयपुर में आरंभ होकर 04 अक्टूबर को बीकानेर में द्वितीय अंतरराष्ट्रीय लघुकथा सम्मेलन के लिए पहुंचेगा। अंतरराष्ट्रीय हिंदी सम्मेलन समन्वयक जयप्रकाश मानस ने बताया कि दल में देश-विदेश के 62 प्रतिभागी शामिल हैं।
द्वितीय अंतरराष्ट्रीय लघुकथा सम्मेलन बुधवार को सांय 05 बजे स्थानीय श्री नेहरू शारदा पीठ (पीजी महाविद्यालय) में आयोजित होगा। कार्यक्रम के प्रथम सत्र में डॉ. नीरज दइया एवं राजेन्द्र जोशी द्वारा संपादित पुस्तक “आधुनिक लघुकथाएं” का लोकार्पण अतिथियों द्वारा किया जाएगा। पहले सत्र की अध्यक्षता विधायक बीकानेर (शहर) डॉ. गोपाल जोशी करेंगे तथा मुख्य अतिथि महाराजा गंगासिंह विश्वविद्यालय बीकानेर के कुलपति भागीरथ बिजारणिया होंगे। सत्र में लघुकथा विधा पर डॉ. अशोक प्रसाद एवं डॉ. शिखा कौशिक का व्याख्यान भी होगा। द्वितीय सत्र के मुख्य अतिथि महाराजा गंगासिंह विश्वविद्यालय बीकानेर के कुल सचिव मनोज शर्मा तथा अध्यक्ष लक्ष्मीनारायण रंगा होंगे। इस सत्र में देश के प्रमुख लघुकथाकारों के साथ स्थानीय लघुकथाकार अपनी रचनाओं का पाठ करेंगे।
तीसरे सत्र संगीत यामिनी के मुख्य अतिथि नेहरू शारदा पीठ (पीजी महाविद्यालय) के अध्यक्ष पुरूषोत्तम भादानी होंगे तथा संगीत भारती के निदेशक डॉ. मुरारी शर्मा अध्यक्षता करेंगे। डॉ. अनुराधा दुबे की कत्थक नृत्य और राजभारती शर्मा की राजस्थानी लोक नृत्य की प्रस्तुतियां होंगी।
– मोहन थानवी