कांग्रेस की किसान न्याय पदयात्रा में उमडा जनसैलाब

सचिन पायलट के साथ प्रदेष भर के नेता दिखे एक साथ
जबरदस्त स्वागत ने दिया सत्ता बदलाव का संकेत

unnamedबारां 03 अक्टूबर। राजस्थान प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष सचिन पायलट ने आज बारां में चार दिवसीय किसान न्याय पदयात्रा का जिला मुख्यालय पर स्थित कृषि उपज मंडी के गणेश प्रांगण से पूजा अर्चना के बाद आगाज किया। अरसे बाद प्रदेश भर के तमाम कांग्रेस नेता सचिन पायलट, रामेश्वर डूडी, बीडी कल्ला, प्रमोद जैन, श्रीमती उर्मिला जैन भाया, पूर्व मंत्री अशोक बैरवा, रामनारायण वर्मा, कांग्रेस प्रवक्ता अर्चना शर्मा, जयपुर विधायक प्रतापसिंह खाचरियावास सहित सैकडों की संख्या में ख्यातनाम नेताओं के साथ राज्य की मुख्यमंत्री वसुंधराराजे के सांसद पुत्र दुष्यंत सिंह के निर्वाचन क्षेत्र में कूच करते हुए निकली। यात्रा के पहले दिन कृषि उपज मंडी के प्रांगण में आयोजित सभा को संबोधित करते हुए सचिन पायलट ने कहा कि मुख्यमंत्री को राजस्थान के कर्जदार किसानों का कर्जा पूरी तरह माफ करना ही पड़ेगा। कांग्रेस किसानों की पार्टी है, किसानों के हित में न्याय के लिए पूरी तरह संघर्ष करती रहेगी। इस अवसर पर पूर्व मंत्री प्रमोद जैन भाया ने कहा कि जिस प्रकार से उद्योगपतियों को अपने उत्पादन का मूल्य तय करने का अधिकार है तो फिर प्रदेश के किसान को भी खाद, बीज, सिंचाई, बिजली, पानी एवं उसकी मेहनत का मूल्य जोडकर अपने कृषि उत्पादन की कीमत वसूल करने का अधिकार है। लेकिन वर्तमान सरकार किसान को उसकी उत्पाद का पूरा मूल्य भी नही दिला पा रही। ऐसे में प्रदेश का किसान बर्बादी के कगार पर खडा है। यहां सभा को प्रतिपक्ष नेता रामेश्वर डूडी, प्रदेश महामंत्री पंकज मेहता सहित कई नेताओं ने संबोधित किया। शाम चार बजे लगभग पांच हजार से अधिक कांग्रेसज, किसानों की अगुवाई में शुरू हुई किसान न्याय पदयात्रा का शहर में व्यापारिक संस्थाओं सहित आमजन ने पुष्पवर्षा, स्वागत द्वार, आतिशबाजी के साथ स्वागत किया। कई स्थानों पर शहरवासियों ने लड्डू बांटकर पदयात्रा में शामिल लोगों का मुंह मीठा करवाया। पदयात्रा में कांग्रेसजनों व किसानों में उत्साह तथा आमजन के स्वागत से पहली बार राज्य में सत्ता परिवर्तन का संकेत हाडौती की अन्नपूर्णा धरती बारां में आज सम्पन्न हुई किसान न्याय यात्रा के दौरान साफ दिखाई दिया। जहां लोगों ने सचिन पायलट को राज्य के भावी मुख्यमंत्री के रूप में मानते हुए उनकी अगुवानी की। सैकडों की संख्या में युवा पायलट के साथ सेल्फी लेते नजर आए। किसान न्याय यात्रा में बडी संख्या में महिलाए, छात्र, युवा, प्रदेश के कई जिलों से आए कांग्रेसजन भी शरीक थे। रैली में एक दर्जन से अधिक झांकियां राज्य में किसानों की दयनीय हालत का नजारा दिखा रही थी तो कहीं वाहनों में डीजे की धुन पर नाचे गाते कांग्रेस कार्यकर्ता साथ चल रहे थे। समाचार लिखे जाने तक पायलट की पदयात्रा बारां शहर से 6 किलोमीटर दूर कलमण्डा ग्राम पंचायत मुख्यालय पहुंची। जहां एकत्र हजारों की संख्या में ग्रामीणजनों तथा आसपास से आए किसानों ने पायलट का जोरदार स्वागत किया। यहां बडी संख्या में भाजपा से जुडे लोगों ने पायलट के नेतृत्व में कांग्रेस का दामन थामते हुए भाजपा विदा ली एवं इस मौके पर पूर्व मंत्री प्रमोद जेैन भाया ने कांग्रेस में शामिल लोगों का आत्मिक स्वागत कर उन्हें भरोसा दिलाया कि कांग्रेस हमेशा उनके दुख दर्द में पूरी तरह उनके साथ खडी हुई है और आगे भी उन्हें एक परिवार के रूप में अपना मानकर चलेगी।
यह भी रहे पदयात्रा में शामिल- किसान न्याय यात्रा में झालावाड जिलाध्यक्ष मदनलाल वर्मा, लोकसभा प्रत्याशी श्रीमती उर्मिला जैन भाया, बूंदी के पूर्व मंत्री हरिमोहन शर्मा, दौसा जिलाध्यक्ष रामजीलाल ओढ, सहित एक दर्जन विधायक व बडी संख्या में पूर्व विधायक, कई पूर्व सांसद, कांग्रेस प्रदेश महामंत्री पंकज मेहता, प्रदेश प्रवक्ता अर्चना शर्मा, पूर्व विधायक करणसिंह राठौड, संजय गुर्जर सहित बारां नगर परिषद के वार्ड पार्षद, बारां, अटरू, किशनगंज, शाहबाद के प्रधान सहित पांच हजार से अधिक लोगों की भीड पदयात्रा में बामला तक पहुंची। जैसे-जैसे कारवां बढता गया वैसे-वैसे ग्रामीणजन व कांग्रेसजन रैली में साथ जुडते गए।

error: Content is protected !!