बीकानेर, 4 दिसम्बर। जिला कलक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अनिल गुप्ता ने सोमवार को कोलायत में सुपरवाइजर्स की बैठक ली। मतदाता सूचियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान में घर-घर सर्वे की धीमी गति पर नाराजगी जताई तथा न्यून प्रगति वाले बीएलओ एवं पर्यवेक्षणीय लापरवाही बरतने वाले सुपरवाइजर्स के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि सुपरवाइजर्स, प्रतिदिन बीएलओ द्वारा किए गए कार्यों की समीक्षा करें। वे स्वयं भी फील्ड में जाएं और आमजन को अभियान की जानकारी दें। कोलायत के सीनियर सैकण्डरी स्कूलों तथा काॅलेज में लक्षित वर्ग के युवाओं का पंजीयन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने 8 दिसम्बर तक स्थिति में सुधार नहीं होने की स्थिति में फिसड्डी बीएलओ को निलंबित करने के निर्देश दिए। जिला कलक्टर ने प्रत्येक सुपरवाइजर के अधीन बीएलओ द्वारा अब तक किए गए कार्यों की समीक्षा की तथा कहा कि जिन क्षेत्रों में प्रगति अत्यंत कम है, उन क्षेत्रों में सर्वाधिक ध्यान दिया जाए।
गुप्ता ने बताया कि निर्वाचन आयोग द्वारा घर-घर सर्वे की तिथि 15 दिसम्बर तक बढ़ाई गई है। इसे ध्यान रखते हुए यह सुनिश्चित किया जाए कि एक भी घर सर्वे से छूटे नहीं। उन्होंने कहा कि 18 से 19 वर्ष आयुवर्ग के युवाओं का पंजीयन सर्वोच्च प्राथमिकता है, लेकिन कोई भी मतदाता सूची में पंजीयन से वंचित नहीं रहे। उन्होंने सख्त हिदायत देते हुए कहा कि 18 वर्ष से कम आयु का कोई भी नाम मतदाता सूची में नहीं जोड़ा जाए। आवेदन के दौरान दस्तावेजों को भली भांति जांचा जाए। यदि कोई बीएलओ अपने क्षेत्र में 18 से 19 वर्ष आयु वर्ग का कोई वंचित मतदाता नहीं होने का प्रमाण-पत्र देता है तो उस क्षेत्र का क्राॅस वेरिफिकेशन करवाया जाए। किसी एक भाग या क्षेत्र के कारण जिले की प्रगति प्रभावित होती है, तो इसे सहन नहीं किया जाएगा।
बैठक में उपखण्ड अधिकारी जय सिंह, तहसीलदार हुकुम सिंह मौजूद थे।
—–
देवड़ा ने किया घर-घर सर्वे कार्य का वेरिफिकेशन
बीकानेर, 4 दिसम्बर। अतिरिक्त जिला कलक्टर नगर तथा बीकानेर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के निर्वाचन पंजीयन अधिकारी शैलेन्द्र देवड़ा ने सोमवार को लगातार पांचवे दिन विभिन्न क्षेत्रों का सघन दौरा किया तथा मतदाता सूचियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान की प्रगति जानी।
देवड़ा ने मुरलीधर व्यास नगर, करमीसर, श्रीरामसर, गंगाशहर, भीनासर, सुजानदेसर, मुक्ता प्रसाद नगर तथा जस्सूसर गेट क्षेत्र के लगभग दर्जनों मकानों का वेरिफिकेशन किया। इस क्षेत्र में 18 से 19 आयु वर्ग के वंचित मतदाताओं की जानकारी ली तथा आमजन से मतदाता सूची में नाम जुड़वाने की अपील की। मुरलीधर व्यास नगर में बीएलओ द्वारा ढिलाई बरते जाने पर नाराजगी जताई तथा उसे दो दिनों में शत-प्रतिशत मकानों का सर्वे करने के निर्देश दिए। उन्होंने विभिन्न शिक्षण संस्थाओं में संपर्क किया तथा विद्यार्थियों को मतदान के महत्त्व के बारे में बताया। उन्होंने इन क्षेत्रों के पार्षदों एवं जनप्रतिनिधियों से भी अभियान में भागीदारी का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को मतदान का अधिकार मिले, इसके लिए चलाए जा रहे पंजीयन अभियान की सफलता के लिए सामूहिक प्रयासों की जरुरत है। इस दौरान सुपरवाइजर दिनेश कुमार बिस्सा एवं बंशी व्यास उनके साथ रहे।