नोखा में धंसी बजरी की खान, विधायक बिश्नोई पहुंचे मौके पर

बीकानेर /नोखा। नोखा के वार्ड नं. 22 में बजरी की खदान एक बार फिर धंस गई, लेकिन गनीमत रही कि इस बार कोई जनहानि नहीं हुई । ज्ञात रहे कि नोखाशहर के लिए नासूर बन चुकी इन खदानों से कई हादसे हो चुके हैं, किंतु अभी तक इस समस्या से निजात पाने का कोई रास्ता नहीं निकल पाया है ।
खान ढह जाने की सूचना मिलने पर विधायक बिहारीलाल बिश्नोई और प्रशासनिक अधिकारी घटनास्थल पर पहुंच गए । उन्होंने पीड़ित परिवार को हुए नुकसान की भरपाई हेतु अविलंब प्रस्ताव बनाकर सरकार को भिजवाने को कहा । विधायक बिश्नोई ने कहा कि नोखा में जहां भी इस तरह की खदानें है, उनका सर्वे करवाकर वहां बसे परिवारों को अन्यत्र शिफ्ट करवाने का प्रयास करेंगे । उन्होंने उपखंड अधिकारी, नोखा को निर्देश दिया कि वे नगरपालिका नोखा के साथ बैठकर इस समस्या के समाधान हेतु पूर्व में बनाई गई कार्ययोजना की समीक्षा करें व उनमें जो भी कमियां रही है, उसे सुधारकर जल्द से जल्द कार्यान्वित करें ।
बार-बार हो रही इन दुर्घटनाओं को लेकर बिश्नोई ने नगरपालिका की ढिलाई व अकर्मण्यता पर नाराजगी जाहिर करते हुए इन जानलेवा खदानों को नोखा के लिए अभिशाप बताया । दुर्घटना-स्थल पर विधायक के साथ उपखंड अधिकारी श्योराम वर्मा, सूरजमल उपाध्याय नोखा शहर मंडल अध्यक्ष, अनोपसिंह राठौड़, बाबुलाल जैन, जगदीश भार्गव, भंवरलाल नैण, रामनिवास भाम्भू, सहित उपस्थित रहे ।
-✍️ मोहन थानवी

error: Content is protected !!