सिन्धी आइडल (गायन) प्रतियोगिता का उदयपुर ऑडिशन 28 को

जयपुर, 26 जुलाई (वि.)। राजस्थान सिन्धी अकादमी द्वारा सिन्धी भाषा व संगीत को बढ़ावा देने के लिये राज्यस्तरीय सिन्धी आइडल (गायन) प्रतियोगिता 2019 के प्रथम चरण का उदयपुर ऑडिशन रविवार को पूज्य सिन्धी साहिति पंचायत के सहयोग से झूलेलाल भवन, शक्ति नगर, उदयपुर में रखा गया है।
अकादमी प्रशासक एवं जयपुर संभागीय आयुक्त श्री के0सी0वर्मा ने बताया कि विगत् वर्ष की अपार सफलता को देखते हुए राजस्थान के नवोदित सिन्धी गायक कलाकारों को प्रोत्साहित करने के लिये उक्त प्रतियोगिता आयोजित की जा रही है। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता दो चरणों में आयोजित की जा रही है। प्रथम चरण में चार शहरों में ऑडिशन रखे गये है। प्रथम चरण में अजमेर में 14 जुलाई एवं जयपुर में 21 जुलाई को ऑडिशन राउण्ड आयोजित किये जा चुके है।
अकादमी सचिव ईश्वर मोरवानी ने बताया कि प्रथम चरण के चयनित प्रतिभागियों में से प्रत्येक शहर से केवल चार-पांच प्रतिभागियों का चयन कर उन्हें द्वितीय चरण (फाईनल प्रतियोगिता) हेतु आमंत्रित किया जायेगा। प्रतियोगिता का फाईनल 11 अगस्त को जयपुर में आयोजित किया जायेगा, जहां प्रथम चरण के सभी चयनित प्रतिभागियों को भाग लेने के लिये अकादमी नियमानुसार यात्रा भत्ता भी देय होगा। फाईनल प्रतियोगिता के विजेता को प्रथम पुरस्कार में 31 हजार, द्वितीय पुरस्कार 21 हजार एवं तृतीय 11 हजार की इनामी राशि के साथ 5-5 हजार के तीन सांत्वाना पुरस्कार के अलावा सभी शेष फाईनलिस्ट को 1-1 हजार रू. की सांत्वना राशि भी प्रदान की जायेगी।
पूज्य सिन्धी साहिति पंचायत के अध्यक्ष श्री तीरथदास नेभनानी तथा रमेश दतवानी एवं रमेश चोटरानी ने बताया कि ऑडिशन के प्रथम चरण को लेकर उदयपुर में प्रतिभागियों में काफी उत्साह है एवं ऑडिशन में भाग लेने के लिये 5 से 50 वर्ष की आयु वर्ग के गायन में रूचि रखने वाले नवोदित कलाकार 28 जुलाई को प्रातः 9 बजे तक भी रजिस्ट्रेशन करवा सकते हैं। उन्होंने यह भी बताया कि प्रथम चरण में भाग लेने वाले सभी प्रतिभागियों को अकादमी की ओर से प्रशस्ति पत्र भी प्रदान किये जायेंगे।

(ईश्वर मोरवानी)
सचिव

error: Content is protected !!