वसुंधरा की अगुवाई में विस चुनाव लड़ेगी भाजपा

जयपुर। राजस्थान में भाजपा के नए अध्यक्ष और मुख्यमंत्री प्रोजेक्ट करने का फैसला लगभग हो गया है, जिसकी घोषणा जल्द हो जाएगी। भाजपा अध्यक्ष राजनाथ सिंह ने केन्द्रीय नेताओं के साथ ही राजस्थान के वरिष्ठ नेताओं से चर्चा के बाद वसुंधरा राजे को चुनाव से पूर्व मुख्यमंत्री प्रोजेक्ट करने का मानस बनाया है। हालांकि संघ और संगठन से जुड़े राजस्थान के कुछ नेता अभी भी चुनाव से पूर्व वसुंधरा राजे को मुख्यमंत्री प्रोजेक्ट नहीं करने और पूर्व राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष रामदास अग्रवाल को प्रदेश अध्यक्ष बनाने को लेकर अड़े हुए है, लेकिन वसुंधरा राजे की लोकप्रियता एवं पार्टी विधायकों, सांसदों, कार्यकर्ताओं में उनकी पकड़ को देखते हुए आलाकमान उन्हें मुख्यमंत्री प्रोजेक्ट करने को तैयार हो गया। टिकट वितरण की कमान भी वसुंधरा राजे के हाथ में ही रहेगी। चुनाव संचालन समिति तो बनेगी, लेकिन पूरा चुनाव अभियान वसुंधरा राजे ही संभालेगी।
राजस्थान भाजपा के विवाद को देख रहे वरिष्ठ नेता अरुण जेटली और प्रदेश प्रभारी कप्तान सिंह सोलंकी ने भी वसुंधरा राजे को चुनाव से पूर्व मुख्यमंत्री प्रोजेक्ट करने में फायदा बताते हुए राजनाथ सिंह से शीघ्र निर्णय लेने का आग्रह किया। सोलंकी ने वसुंधरा राजे को सीएम प्रोजेक्ट करने के सवाल पर कहा कि इस बारे में किसी को शंका या किसी तरह का संदेह नहीं होना चाहिए।
वसुंधरा विरोधी खेमे की कमान संभाल रहे वरिष्ठ नेता गुलाब चंद कटारिया, प्रदेश अध्यक्ष अरुण चतुर्वेदी, घनश्याम तिवाड़ी सहित संघ से जुडे़ कई नेता दिल्ली में डटे हुए है।

error: Content is protected !!