प्रदेश में भाजपा का चुनाव अभियान शुरू

राजस्थान में भाजपा ने गुरुवार से विधानसभा चुनाव अभियान की शुरूआत की। पूर्व मुख्यमंत्री एवं भाजपा की नव नियुक्त प्रदेश अध्यक्ष वसुंधरा राजे ने गुरुवार को एनसीआर क्षेत्र से जयपुर तक राजस्थान के 200 किलोमीटर क्षेत्र में रोड शो किया और दो दर्जन से अधिक सभाओं में भाजपा को वोट देने के लिए तैयार रहने का आग्रह किया।

प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद गुरुवार को पहली बार दिल्ली से जयपुर आई वसुंधरा राजे ने राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र सीमा से सुबह साढ़े नौ बजे रोड शो शुरू किया देर शाम जयपुर पहुंची।

रोड शो में राज्य विधानसभा में प्रतिपक्ष के नेता गुलाब चंद कटारिया, भाजपा के राष्ट्रीय सचिव भूपेन्द्र यादव सहित राजस्थान के सभी बड़े नेता वसुंधरा राजे के साथ थे। उन्होंने दो सौ किलोमीटर की यात्रा दस घंटे में पूरी की।

रोड शो से विधानसभा चुनाव अभियान की शुरूआत करते हुए वसुंधरा राजे ने विभिन्न जनसभाओं को संबोधित करते हुए प्रदेश की अशोक गहलोत सरकार पर जन विरोधी होने का आरोप लगाते हुए मतदाताओं से चुनाव में भाजपा प्रत्याशियों के पक्ष में मतदान के लिए तैयार रहने का आग्रह किया।

उन्होंने कहा कि केन्द्र की मनमोहन सिंह सरकार और राजस्थान की अशोक गहलोत सरकार निरंतर जनविरोधी निर्णय करती जा रही है, आम जरूरत की वस्तुएं इतनी महंगी हो गई कि आम आदमी का जीवन यापन करना मुश्किल हो गया। प्रदेश में विकास योजनाएं पूरी तरह से बंद हो गई, जो योजनाएं भाजपा शासन के समय शुरू हुई थी वे भी अधूरी नहीं रही।

उन्होंने कहा कि इस साल के अंत में होने वाले विधानसभा चुनाव में भाजपा फिर से सत्ता में लौटेगी और फिर से जनहित के कार्य शुरू करेगी। दस घंटे के रोड शो के दौरान पूरी तरह से चुनावी माहौल नजर आया। बड़ी तादाद में लोगों ने वसुंधरा राजे की अगुवाई की। आम लोगों में वसुंधरा राजे का इतना आकर्षण था कि उनके पहुंचने के काफी पहले से ही लोगों सड़कों पर स्वागत के लिए जमा थे। आम लोगों से मिले जनसमर्थन से उत्साहित वसुंधरा राजे ने एक बातचीत में कहा कि विधान सभा का चुनाव अभियान तो आज से शुरू हो गया अब सत्ता बदलाव को लेकर वे अप्रैल से परिवर्तन यात्रा शुरू करेंगी। एक सौ दिवसीय परिवर्तन यात्रा राज्य की सभी दो सौ विधानसभा क्षेत्रों में जाएगी।

उन्होंने कहा कि टिकट वितरण का काम चुनाव आचार संहित लागू होने के साथ ही शुरू हो जाएगा, जिससे प्रत्याशियों को चुनाव अभियान चलाने के लिए पूरा समय मिले। पार्टी में गुटबाजी की खबरों को नकारते हुए उन्होंने कहा कि ऐसा कुछ भी नहीं है फिर भी अगर कहीं थोड़ी बहुत कोई बात है तो उसे दूर किया जाएगा। प्रत्याशियों का चयन जनभावनाओं और संगठन के प्रति निष्ठा को ध्यान में रखकर किया जाएगा। वे स्वयं संभावित प्रत्याशियों को लेकर अभी से फीडबैक ले रही है। क्षेत्रीय नेताओं को भी अपने-अपने क्षेत्रों में दौरे कर मतदाताओं से रूबरू होने के लिए कहा गया है।

error: Content is protected !!