रेल संरचना की उपेक्षा सुरक्षा के लिए घातक

kiran5उदयपुर । भाजपा की राष्ट्रीय महासचिव एवं राजसमंद विधायक किरण माहेश्वरी ने कहा कि रेल संरचना की उपेक्षा देश के विकास और सुरक्षा के लिए घातक होगी। किरण नें प्रधानमंत्री, रेल एवं वित्त मंत्री को पत्र लिख कर एकल आमान परियोजना के लिए 25000 करोड़ रुपयों का विशेष अनुदान भारतीय रेल को देने की मांग की है। आगामी 4 वर्षों में सारे देश में एकल आमान रेल पथ का लक्ष्य प्राप्त करने के लिए विशेष आमान परिवर्तन अभियान चलाया जाए। इससे रेल को प्रति वर्ष 5000 करोड़ रुपयों का लाभ होगा। किरण नें सभी मेल एवं द्रुतगामी गाड़ियों को 180 कि.मी. प्रति घंटे की गति से चलाने के लिए रेल पथों के सुदृढ़ी करण की भी मांग की। सभी स्टेशनों के प्लेटफार्मों की उंचाई बढ़ा कर बड़ी लाइन की गाड़ियों के अनुरुप करने की भी आवश्यकता है। रेल इंजनों, यात्री डिब्बों एवं वेगनों का उत्पादन दुगुना कर के ही यात्री एवं माल परिवहन की बढ़ती मांगों को पुरा किया जा सकता है। सुरक्षा, संरक्षा एवं यात्री सुविधाओं को भी विकसित करने के लिए विशेष अभियान घोषित किया जाए। इसके लिए सामान्य बजट से रेल को प्रति वर्ष 15000 करोड़ रुपयों की सहायता दी जानी चाहिए।

किरण नें मारवाड़ मावली बड़ी सादड़ी नीमच आमान परिवर्तन और इसे विशेष माल परिवहन गलियारे के सहायक मार्ग के रुप में विकसित करने की भी मांग की है। आमान परिवर्तन की लम्बित सभी परियोजनाओं को आगामी 3 वर्षों में पूर्ण करने के लिए पुरा बजट आवंटित किया जाए।

error: Content is protected !!