मारवाड़ियों की सुरक्षा एक गंभीर चिंता का विषय-वसुंधरा

vasu 1जयपुर। भाजपा की प्रदेशाध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री श्रीमती वसुंधरा राजे ने कहा है कि असम में रह रहे मारवाड़ियों की सुरक्षा एक गंभीर चिंता का विषय है। मारवाड़ियों की सुरक्षा के लिए वे हर लड़ाई लड़ने के लिए तैयार है। श्रीमती राजे विप्र फाउण्डेशन (असम) के तत्वावधान में वृहतर मारवाड़ी समाज द्वारा गुवाहाटी में उनके सम्मान में आयोजित एक विशाल सभा में बोल रही थी।
उन्होंने कहा कि लोकसभा और असम विधानसभा में यहां रह रहे मारवाड़ियों का प्रतिनिधित्व होता तो आज स्थितियां दूसरी होती। सुरक्षा को लेकर हमारी आवाज लोकसभा और असम विधानसभा में उठाई जाती। असम प्रदेश की आर्थिक खुशहाली का आधार बने, हमारे मारवाड़ियों को इसके लिए एकजुट होकर यहां राजनीतिक अस्थित्व की लड़ाई लड़नी होगी।
श्रीमती राजे ने कहा कि राजस्थान में भी स्थितियां अच्छी नहीं है, वहां भी विकास के साथ-साथ कानून और व्यवस्था पूरी तरह चौपट हो गई है। हमारे प्रवासी राजस्थानी भाई राजस्थान के बारे में सोचते हैं तो बेहद दुखी होते हैं। जब भी मिलते है कहते हैं, ये क्या हो गया हमारे राजस्थान को। पांच साल पहले का खुशहाल राजस्थान आज बदहाल कैसे हो गया? इन सवालों का जवाब एक ही है। दृढ़ इच्छा शक्ति की कमी। हमारी भाजपा सरकार में दृढ़ इच्छा शक्ति, ठोस इरादे और विकास के प्रति प्रतिबद्धता थी तो राजस्थान देश के पांच विकसित प्रदेशों में गिना जाने लगा था। लेकिन आज वह गिरकर 16वें स्थान पर आ गया है। इसलिये राजस्थान को फिर से खुशहाल बनाना है, राजस्थान को देश के विकसित प्रदेशों मे लाना है, तमिलनाडू, गुुजरात जैसे प्रदेशों के मुकाबले खड़ा करना है, नया और आधुनिक राजस्थान बनाना है तो दिसम्बर में होने वाले महासंग्राम में प्रवासी राजस्थानियों की भागीदारी भी जरूरी है। उन्होंने कहा कि वह आपकी बहन और बेटी है, इसीलिए पीले चावल देकर न्यौतने आई है। अपनी इस बहन और बेटी के खातिर भारतीय जनता पार्टी की राजस्थान में सरकार बनाये। पांच साल से जो विकास की गति थम गई है, उसे रतार देने के लिये, फिर से राजस्थान को उन्नती के षिखर पर पहुंचाने के लिए सबको मिलकर राजस्थान का नव निर्माण करना होगा। भाजपा के साथ चलना होगा, ताकि एक मजबूत सरकार बने, जिसके नेतृत्व में प्रदेश का सर्वांगीण हो। इससे पूर्व असम की भाजपा सांसद और भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष श्रीमती विजय लक्ष्मी ने कहा कि वसुंधरा राजे नारी समाज का गौरव है। जिनको देखकर खुशी के मारे आंखों में आंसू आ जाते हैं। जिन्हें देखकर हर महिला गर्व महसूस करती है।
इससे पूर्व श्रीमती राजे का प्रवासी राजस्थानियों ने गुवाहाटी पहुंचने पर जोरदार स्वागत किया। विप्र फाउण्डेशन के रतन शर्मा, सुशील ओझा ने श्रीमती राजे को असम की झांपी भेंट की। इस कार्यक्रम में पूर्व केन्द्रीय मंत्री सुभाष महरिया, विधायक किरण माहेश्वरी, बंशीधर बाजिया, पूर्व विधायक प्रेम सिंह बाजोर सहित कई नेता मौजूद थे।

error: Content is protected !!