सारे देश का है सपना, गुजरात जैसा बनना: किरण

Kiran Add 4राजसमंद। भाजपा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं विधायक किरण माहेश्वरी नें कहा कि कांग्रेस नरेन्द्र भाई मोदी से बुरी तरह भयभीत है। इसी कारण वे गुजरात की प्रतिष्ठा हनन का सतत प्रयास करते रहते हैं। कांग्रेस को डर है कि कहीं सारा देश गुजरात नहीं बन जाए। किन्तु देश की जनता का तो यही सपना है। सभी गुजरात के विकास, रोजगार सृजन और विश्व स्तरीय संरचना की अनुकृति अपने यहाँ चाहते हैं।

किरण नें कहा कि कांग्रेस के प्रमुख सामन्त कह रहे हैं कि एक व्यक्ति देश नहीं बदल सकता है। एक व्यक्ति क्या कर सकता है, यह अटल बिहारी वाजपेयी, नरेन्द्र भाई मोदी और जय प्रकाश नारायण से सीखें। जयप्रकाश नारायण जी नें देश को आपातकाल की पराधीनता से मुक्त करवाया। अटलजी नें देश को परमाणु महाशक्ति बनाया और वैश्विक महाशक्ति बनाने की नींव रखी। नरेन्द्र भाई नें गुजरात का काया कल्प कर दिया।

किरण नें कहा कि गुजरात में मुस्लिम समुदाय की स्थिति अन्य राज्यों की तुलना में काफी बेहतर है। यह राज्य विगत 11 वर्षों से दंगामुक्त राज्य है। जबकि राजस्थान और उत्तरप्रदेश में दंगों के नए अपकीर्तिमान बने हैं। भाजपा की सोच स्पष्ट है कि देश के संसाधनों पर सभी देशवासियों का समान अधिकार है, किसी भी समुदाय का प्रथम अधिकार नहीं। सर्वपंथ समादर ही सौहार्द्ध का आधार है।

किरण नें कहा कि यह विचित्र है कि देश पर 55 वर्षों तक राज करने वाले अब देश की दुर्दशा पर घड़ियाली आंसु बहा रहे हैं। जिन्हें समस्याओं का समाधान करना था, वे अपने दायित्व से भाग रहे हैं। सशक्त और समृद्ध भारत के लिए कांग्रेस के भ्रष्ट और जन विरोधी शासन से मुक्ति पहली आवश्यकता है।

error: Content is protected !!