तो सोनिया कांग्रेस की छवि भ्रष्ट नहीं बताती-वसुन्धरा

vasundhara 20सैंत/ कामां/ नगर/ भरतपुर। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष श्रीमती वसुन्धरा राजे ने कहा है कि जनता का पैसा जनता में जाता तो रेल मंत्री पवन बंसल और कानून मंत्री अश्वनी कुमार को नहीं हटाना पड़ता। केन्द्रीय मंत्री ए राजा और कलमाड़ी जेल नहीं जाते। जनता का पैसा जनता में जाता तो सोनिया जी चिंतन शिविर में यह नहीं कहती कि कांग्रेस की भ्रष्ट पार्टी की छवि बनती जा रही है। श्रीमती राजे भरतपुर जिले के सैंत, कामां और नगर कस्बे में सुराज संकल्प यात्रा के सम्मान में आयोजित सभाओं में बोल रही थी। कामां में तो आंधी और बारिश के बावजूद भी लोग उन्हें सुनने के लिए डटे रहे। करीब 38 जगह राजे का जोरदार स्वागत हुआ। इन स्वागत कार्यक्रमों को भी वसुन्धरा ने सम्बोधित किया।
उन्होंने कहा कि अब साढे चार साल बाद सरकार को जनता की याद आई है। इसलिये मुख्यमंत्री कहने लगे हैं कि जनता का पैसा है जनता में बांटेंगे। योजनाओं के नाम पर पैसा बांटना ही था तो साढे चार साल तक क्यों नहीं बांटा। सच्चाई तो यह है कि जनता की आड में जनता का ये पैसा जनता में नहीं सरकार की जेबों में जा रहा है। बेचारी जनता का तो सिर्फ नाम है। राजे ने कहा कि जनता का पैसा जनता में जाता तो राजीव गांधी यह नहीं कहते कि एक रुपये में से जनता तक 15 पैसा ही पहुंचता है। राहुल गांधी ये नहीं कहते कि एक रुपये में से जनता तक 10 पैसा ही पहुंचता है।
ये लुटरों की सरकार है
वसुन्धरा राजे ने कहा कि कांग्रेस की सरकार लुटरों की सरकार है। ये रेल मंत्री और कानून मंत्री के हटने से साबित हो गया है। अब निशाना प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह पर है। मुख्यमंत्री हो चाहे मंत्री ऊपर से नीचे तक जेबें भर रहे हैं। अब चुनाव के 6 महीने रह गये तो कांग्रेस जनता को लुभाने के लिए नये-नये तरीके अपनाने लगी है। लेकिन प्रदेश की जनता समझदार है। वह अब कांग्रेस के झांसे में आने वाली नहीं है।
कांग्रेस को क्यों आती है, अल्पसंख्यकों की पांच साल में याद
वसुन्धरा राजे ने कामा की सभा में कहा कि राजस्थान में कांग्रेस का 50 साल शासन रहा है। लेकिन कांग्रेस से अल्पसंख्यकों को क्या मिला। ये अल्पसंख्यक समाज को समझने की बात है। सच तो यह है कि कांग्रेस अल्पसंख्यकों को चुनाव के वक्त पांच साल में याद करती है। 50 साल में अल्पसंख्यकों के लिए इस सरकार ने कोई ठोस योजना बनाई हो तो बताए। कांग्रेस ने तो अल्पसंख्यकों को भाजपा का डर दिखाकर वोट लेने का काम किया है। जबकि सही मायने में अल्पसंख्यकों को कांग्रेस से डरना चाहिए।
कांग्रेस राजनीति से चुनाव जीतना चाहती है, हम विकास से
वसुन्धरा राजे ने कहा कि कांग्रेस राजनीति से चुनाव जीतना चाहती है, जबकि हम विकास को आधार बनाकर जनता की सरकार लाना चाहते हैं। कांग्रेस विकास में राजनीति करती है, हम राजनीति में विकास के पक्षधर है। पांच साल में हमने राजस्थान की इज्जत और स्वाभिमान लौटाया है। इस सरकार ने अपने कार्यकाल में राजस्थान की इज्जत और स्वाभिमान गवाया है। हमारी प्राथमिकता गरीब है, कांग्रेस की प्राथमिकता कांग्रेस के नेता है।
उन्होंने कहा है कि वे तो जनता के प्यार और आशीर्वाद के पीछे पागल है। जनता पीठ थपथपाती रहेगी, तो वे दौड़ते रहेंगे। लोगोें ने जो प्यार उन पर उडेला है, उसका कर्ज चुकाने का भी प्रयास करेंगे।
योजनाएं जमीन पर नहीं
वसुन्धरा राजे ने कहा है कि मुफ्त दवा हो, या मुफ्त जांच। बीपीएल के लिए मुफ्त आवास हो, या एक रुपये किलो गेहंू की योजना। ये सब योजनाएं जमीन पर नहीं है। वे जहां भी गई लोगों ने इन योजनाओं का कोई लाभ नहीं मिलना बताया।
पलायन कर रहे हैं पढे़-लिखे नौजवान
वसुन्धरा राजे ने कहा रोजगार के अभाव में पढे़-लिखे नौजवान गांवों से दूसरे प्रदेशों की ओर रोजी रोटी की तलाश में जा रहे हैं। सरकार ने साढे चार साल में नौजवानों को रोजगार नहीं दिया। जबकि उनकी सरकार ने 10 लाख सरकारी और गैरसरकारी नौकरियां दी। इससे पूर्व श्रीमती राजे, नेता प्रतिपक्ष गुलाबचंद कटारिया, भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सतपाल मलिक, राष्ट्रीय सचिव भूपेन्द्र यादव, पूर्व मंत्री राजेन्द्र राठौड़ तथा पूर्व मंत्री डॉ. हरिसिंह का स्थानीय विधायक डॉ. दिगम्बर सिंह ने स्वागत किया।

error: Content is protected !!