जयपुर। खासाकोठी के निकट स्थित एक होटल के बार में शनिवार देर रात कुछ युवकों ने पार्षद के भतीजे के सिर पर बीयर की बोतल मार दी। उस समय बार के दूसरे हिस्से में राजस्थान रॉयल्स टीम के खिलाड़ी भी थे। घायल युवक के इलाज के बाद रविवार को विधायकपुरी थाने में हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कराया है।
घायल विशाल परसरामपुरिया विद्याधर नगर निवासी दिनेश परसरामपुरिया का बेटा है। दिनेश के भाई रिद्धकरण पार्षद हैं। शनिवार रात को होटल में राजस्थान रॉयल्स के खिलाडियों के आने का समाचार सुनकर वह भी चला गया। पुलिस ने बताया कि वहां बार के एक हिस्से में विनोद व रवि नाम के लड़कों में किसी बात को लेकर विवाद हो गया। विशाल बीच-बचाव के लिए उनके नजदीक गया, तो दोनों उसी पर टूट पड़े। हमलावरों ने बीयर की बोतल उसके सिर पर मार दी। इससे उसके कान के पास गम्भीर चोट आई है। विशाल को उसके साथी जैसे-तैसे बाथरूम में ले गए, जिससे उसकी जान बच सकी। घटना के बाद वहां चल रही पार्टी में भगदड़ सी मच गई।
विशाल अपने चाचा रिद्घकरण परसरामपुरिया व कई अन्य लोगों के साथ सुबह करीब ग्यारह बजे विधायकपुरी थाने पहंुचा। दर्ज रिपोर्ट में उसने रवि खण्डेलवाल, राजवीर सिंह, विपुल मित्तल व विनोद को नामजद किया है। पुलिस ने मेडिकल मुआयने के बाद हमलावरों की तलाश शुरू कर दी है।