प्रदेश में एक सौ सीटों पर चुनाव लड़ेगा जदयू

vidhan sabha chunavजयपुर। जनता दल राजस्थान विधानसभा चुनाव में एक सौ सीटों पर चुनाव लड़ेगा। इस साल के अंत में होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए 16 उम्मीदवारों की पहली सूची 5 जुलाई को जयपुर में जारी होगी। अब तक प्रदेश में भाजपा के साथ मिलकर जद (यू) चुनाव लड़ता था।

भाजपा के साथ होने वाले समझौते में जद (यू) को पांच विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ना होता था। लेकिन अब केन्द्रीय स्तर पर भाजपा के साथ समझौता समाप्त होने के बाद राजस्थान में पार्टी ने अकेले के दम पर चुनाव लड़ने का निर्णय किया है।

चुनावी तैयारियों के लिहाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष शरद यादव पिछले दिनों जद (यू) के प्रभाव वाले आदिवासी क्षेत्र का दौरा करके गए हैं। यादव ने इस क्षेत्र के दो दर्जन विधानसभा क्षेत्रों का दौरा किया और कार्यकर्ताओं से भाजपा से अलग होकर चुनावी तैयारियों में जुटने का आह्वान किया।

जद (यू) के राष्ट्रीय महासचिव के.सी. त्यागी दो दिन पहले जयपुर आए और प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक में विधानसभा क्षेत्रवार संभावित उम्मीदवारों को लेकर चर्चा की। पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष चन्द्रराज सिंघवी का कहना है कि प्रदेश की 200 में से 100 विधानसभा सीटों पर पार्टी चुनाव लड़ेगी। उम्मीदवारों को लेकर सर्वे एवं कार्यकर्ताओं के माध्यम से फीडबैक लिया गया है। उन्होंने कहा कि उम्मीदवारों की पहली सूची 5 जुलाई को जारी होगी।

error: Content is protected !!