अब जनता नहीं बनाएगी गहलोत की सरकार : यादव

भूपेन्द्र यादव
भूपेन्द्र यादव

-सतीश शर्मा- उदयपुर। भाजपा के राष्ट्रीय सचिव भूपेंद्र यादव ने कहा है कि गहलोत सरकार के राज में आमजन का कोई ध्यान नहीं रखा गया। अब जनता ऐसी सरकार फिर से बनने नहीं देगी। यादव ने यह बात रविवार को यहां सुखाडिय़ा रंगमंच पर आयोजित भाजपा देहात जिला के सक्रिय कार्यकर्ताओं के सम्मेलन में कहीं। उन्होंने कहा कि जनता राजस्थान में ही नहीं केंद्र में भी बदलाव चाहती है। वसुंधरा राजे के कार्यकाल में विकास हुए। गहलोत सरकार के बनते ही विकास के काम ठप हो गए हैं। वसुंधरा राजे ने सुराज संकल्प यात्रा शुरू की। उसके बाद सरकार को जनता की याद आई है। मगर अब जनता सब समझ चुकी है। जनता कांग्रेस के बहकावे में आने वाली नहीं है। सह संगठन मंत्री वी.सतीश ने कहा कि कार्यकर्ता पूरे विश्वास के साथ काम करेंगे तो भाजपा को सत्ता में आने से कोई रोक नहीं सकता। राष्ट्रीय प्रवक्ता निर्मला सीतारमण ने कहा कि अब समय आ गया है कि कार्यकर्ता ताकत से लगे और कांग्रेस को सत्ता से बाहर कर दिखाए। मेवाड़ की धरती से इसका शुभारंभ होगा और कांग्रेस केंद्र में भी सत्ता से बाहर हो जाएगी।

शहर विधायक एवं राज्य विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष गुलाबचंद कटारिया ने कहा है कि कार्यकर्ता छोटी मोटी बातें भूल कर पार्टी के लिए काम करें। जनता हमारे साथ है,हमें ताकत से काम करना होगा। कटारिया ने कहा कि जनता को पार्टी से जोडऩे में सक्रिय कार्यकर्ता बड़ा आधार होते हैं। ऐसे में सभी अपनी अहमियत समझ कर काम करें। सम्मेलन में देहात जिला प्रभारी मांगीलाल जोशी , पूर्व सांसद महावीर भगोरा, झाड़ोल विधायक बाबूलाल खराड़ी, मुख्य सचेतक राजेंद्र राठौड़,  पूर्व विधायक रण धीरसिंह भींडर, एसटी मोर्चा के प्रदेशाध्यक्ष अर्जुन मीणा, मेयर रजनी डांगी व देहात महामंत्री चंद्रगुप्त सिंह चौहान भी मौजूद थे।

error: Content is protected !!