संत रामप्रसाद महाराज ने दिया बेटी बचाने का संदेश

_DSC1043_DSC0175_DSC0117_DSC0106-सुमित सारस्वत- ब्यावर। शहर के बोहरा गार्डन में बीएम अग्रवाल परिवार की ओर से श्री शिव महापुराण कथा का आयोजन किया जा रहा है। कथा के चौथे दिन अंतरराष्ट्रीय रामस्नेही संप्रदाय के संत रामप्रसाद महाराज ने बेटी बचाने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि देश में घटता लिंगानुपात सभ्य समाज के लिए चिंताजनक है। कोख में बेटी का कत्ल नहीं करें। कन्या भ्रूण हत्या महापाप है। कन्या की हत्या करने वालों को करोड़ों जन्म तक पुन: मनुष्य जीवन प्राप्त नहीं होता है।
संत ने कहा कि रामनवमी पर भगवान राम, जन्माष्टमी पर भगवान कृष्ण व शिवरात्रि पर भगवान शिव की पूजा एक ही दिन होती है मगर नवरात्रि में मां दुर्गा की पूजा नौ दिनों तक की जाती है। जिस देश में मां दुर्गा की उपासना होती है, उसी देश में बेटियों को गर्भ में मारा जा रहा है। नारी त्याग और समर्पण का प्रतीक है। नारी का सम्मान करें।
कथावाचक ने हमेशा मुस्कुराते हुए रहने का संदेश देते हुए कहा कि खिलते फूलों से मुस्कुराना सीखो। एक मुस्कान कई चेहरों की मायूसी मिटा देती है। संत ने माता-पिता, संत व गुरु के चरणों में नमन करने की सीख भी दी। इससे मनुष्य के जीवन में अहंकार नहीं आता है। उन्होंने कहा कि संत का आगमन सौभाग्य से होता है। संतों का सदैव सम्मान करना चाहिए। संत मार्गदर्शक है जो प्रभु से मिलन का मार्ग बताते हैं। ग्रंथों व पुराणों का रहस्य समझने के लिए संत महापुरूष का सानिध्य आवश्यक है।
शुक्रवार को शिव विवाह प्रसंग के मौके पर कैलाश अग्रवाल ने भगवान शिव व कविता अग्रवाल ने माता पार्वती का रूप धरकर विवाह की रस्म निभाई। मंच संचालन सुमित सारस्वत ने किया। कथा में अनिता अग्रवाल, आशा अग्रवाल, सविता अग्रवाल, श्वेता जैन, सुमित्रा जैथल्या, साधना सारस्वत, ट्विंकल गर्ग, हीना जैन, संगीता द्विवेदी, ममता पाखरोट, प्रियंका सेन, अंजू गर्ग, लविना सेन, ऊषा गर्ग, सूर्यकांता अग्रवाल, शिवाली अग्रवाल, सेमल, निकिता, शिवांगिनी, मल्लिका जैन सहित सैंकड़ों श्रद्धालुओं ने धर्मलाभ लिया। शनिवार को कथा में भगवान गणेश व कार्तिकेय का जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया जाएगा।

error: Content is protected !!