कांग्रेस में कई राज्यों में बगावत

soniaनई दिल्ली / कांग्रेस में कई जगह बगावत हो गई है। हरियाणा, असम, महाराष्ट्र के साथ-साथ जम्मू-कश्मीर के नेता भी मौजूदा नेतृत्व के खिलाफ मैदान में उतर आए हैं। महाराष्ट्र में वरिष्ठ नेता नारायण राणे ने मंत्री पद से इस्तीफा दे दिया है। वह खुद को आने वाले विधानसभा चुनाव में मुख्यमंत्री के तौर पर पेश न किए जाने से नाराज हैं। बिल्कुल ऐसे ही हालात हरियाणा और असम में बन गए हैं। हरियाणा में बीरेंद्र सिंह ने मौजूदा मुख्यमंत्री भूपिंद्र सिंह हुड्डा के नेतृत्व में चुनाव लड़ने से इनकार कर दिया है, तो असम में शिक्षा मंत्री हिमंता बिस्वा की अगुआई में 30 से ज्यादा विधायकों ने मुख्यमंत्री तरुण गोगोई का साथ छोड़ दिया है। कश्मीर में भी कांग्रेस के पूर्व सांसद लाल सिंह ने पार्टी छोड़ दी है।

महाराष्ट्र
बीते हफ्ते किए अपने ऐलान के मुताबिक महाराष्ट्र के राजस्व मंत्री नारायण राणे ने सोमवार को मंत्री पद से इस्तीफा दे दिया। राणे सोमवार सुबह मुख्यमंत्री पृथ्वीराज चव्हाण से मिले और उन्हें अपना इस्तीफा सौंपा। राणे ने इसके बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पार्टी पर जमकर अपने दिल की भड़ास निकाली। राणे ने खुलकर अपनी सीएम पद की महत्वाकांक्षा जाहिर की। उन्होंने कहा, ‘कांग्रेस जॉइन करने के बाद मुझे 6 महीने में सीएम बनाने का वादा किया गया था। मैंने इसके लिए 9 साल तक इंतजार किया।’ उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र में सरकार उस तरह से काम नहीं कर रही है, जैसा करना चाहिए। राणे ने कहा कि मैं उस पार्टी में नहीं रहना चाहता हूं, जो चुनाव में हारने जा रही है।

हरियाणा
लोकसभा चुनावों में करारी हार के बाद से ही हरियाणा के मुख्यमंत्री भूपिंद्र सिंह हुड्डा के खिलाफ बगावती सुर उठते रहे हैं। कई बार उन्हें हटाए जाने की बातें भी आ चुकी हैं। हाल ही में वह कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी से मिले थे जिसके बाद कांग्रेस ने हुड्डा के ही नेतृत्व में अक्टूबर में होने वाले विधानसभा चुनाव लड़ने की बात कही थी। लेकिन, कांग्रेस एक और बड़े नेता चौधरी बीरेंद्र सिंह ने सोमवार को कहा कि वह हुड्डा के नेतृत्व में चुनाव नहीं लड़ेंगे। बीरेंद्र ने कहा, ‘हुड्डा के नेतृत्व में नतीजे नहीं आएंगे।’

असम
असम में कांग्रेस सरकार संकट में आ सकती है। पार्टी के 78 में से कम से कम 30 विधायक मौजूदा मुख्यमंत्री तरुण गोगोई के कामकाज से नाखुश हैं और उनका साथ छोड़ गए हैं। शिक्षा मंत्री हिमंता बिस्वा के नेतृत्व में ये विधायक तरुण गोगोई को पद से हटाए जाने की मांग कर रहे हैं। लोकसभा चुनाव के बाद गोगोई ने पार्टी नेतृत्व से अपने इस्तीफे की पेशकश की थी जिसे सोनिया गांधी ने नामंजूर कर दिया था।

जम्मू कश्मीर
राज्य में कांग्रेस के पूर्व सांसद लाल सिंह ने पार्टी छोड़ दी है। सत्तारूढ़ नैशनल कॉन्फ्रेंस और कांग्रेस का गठबंधन टूटने के कुछ ही घंटों के भीतर लाल सिंह ने पार्टी छोड़ने का ऐलान कर दिया। हाल ही में हुए लोकसभा चुनाव में उनका टिकट काटकर गुलाम नबी आजाद को दे दिया गया था जिससे वह खफा थे। उनके पीडीपी में शामिल होने की बातें कही जा रही हैं लेकिन अभी इसकी पुष्टि नहीं हुई है।

1 thought on “कांग्रेस में कई राज्यों में बगावत”

Comments are closed.

error: Content is protected !!