फ़िरोज़ खान,बारां
बारां 27 नवम्बर। कांग्रेस अनुसूचित जनजाति विभाग की नवगठित कार्यकारणी का शपथ ग्रहण एवं बारां जिले के कांग्रेस पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, अग्रिम संगठन एवं प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों का दीपावली स्नेहमिलन समारोह का आयोजन रविवार को श्रीबड़ां बालाजीधाम, बड़ां पर सम्पन्न हुआ।
कांग्रेस जिला महासचिव कैलाश जैन ने बताया कि श्रीबड़ा बालाजीधाम पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि प्रदेश अनुसूचित जनजाति विभाग के प्रदेशाध्यक्ष शंकरलाल मीणा रहे, अध्यक्षता प्रदेश उपाध्यक्ष प्रमोद जैन भाया ने की एवं विशिष्ठ अतिथि जिलाध्यक्ष पानाचंद मेघवाल रहे।जैन ने बताया कि कांग्रेस अनुसूचित जनजाति विभाग के प्रदेशाध्यक्ष शंकरलाल मीणा के बारां आगमन पर जिले की प्रवेश सीमा पलायथा पर पहुंचकर कांग्रेसजनों द्वारा उनका सम्मान किया तथा पलायथा से कार्यक्रम स्थल बड़ां ले जाया गया। इस दौरान रास्ते में कई जगह-जगह पर मीणा का कांग्रेसजनों द्वारा भव्य स्वागत किया गया। कार्यक्रम के दौरान नवगठित कांग्रेस अनुसूचित जनजाति कार्यकारणी के पदाधिकारियों को शपथ ग्रहण करवायी जाकर उन्हें अतिथियों द्वारा नियुक्ति पत्र सौंपे गए। इस अवसर पर कांग्रेस पदाधिकारियों, जनप्रतिधियों अग्रिम संगठन एवं प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों का दीपावली स्नेह मिलन समारोह का भी आयोजन किया गया। कार्यक्रम में एसटी प्रदेश अध्यक्ष शंकरलाल मीणा, प्रदेश उपाध्यक्ष प्रमोद जैन भाया तथा पानाचंद मेघवाल का कांग्रेसजनों द्वारा 50-50 किलो के हार पहनाकर स्वागत किया।
समारोह को संबोधित करते हुए कार्यक्रम के मुख्य अतिथि शंकरलाल मीणा प्रदेश अध्यक्ष कांग्रेस अनुसूचित जनजाति विभाग ने कहा कि कांग्रेस एसटी विभाग की जिम्मेदारी आपको प्रदान की गई है, आप उसे पूरे तन-मन से निभाते हुए कांग्रेस पार्टी को मजबूती प्रदान करेें।अध्यक्षता कर रहे प्रदेश उपाध्यक्ष प्रमोद जैन भाया ने संबोधित करते हुए कहा कि कार्यकर्ता एकजुट होकर संगठन के लिए कार्य करें। भाया ने कहा कि कुछ लोग गुमराह कर रहे हैं कि प्रमोद भाया आगामी चुनाव अंता विधानसभा से नही लडकर छबड़ा से लडेंगे। भाया ने कहा कि अंता क्षेत्र उनकी कर्मस्थली रहा है, जीत-हार का उन्हें कोई गम नही है तथा जनका का निर्णय स्वीकार है। उन्होनें कहा कि वह आगामी चुनाव अंता विधानसभा क्षेत्र से ही लड़ेंगे। विशिष्ठ अतिथि कांग्रेस जिलाध्यक्ष पानाचंद मेघवाल ने संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस के सभी पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता पूरे तन-मन से पार्टी के हित में कार्य करें। आने वाला समय कांग्रेस का है। जनता भाजपा शासन से दुखी है तथा समय का इंतजार कर रही है। हमें एकजुट होकर भाजपा सरकार की गलत नीतियों का विरोध करके आमजन को राहत पहुंचानी है। कार्यक्रम को कांग्रेस एसटी विभाग जिलाध्यक्ष हंसराज मीणा बामली, पीसीसी सदस्य हंसराज मीणा उदपुरिया, पूर्व जिला प्रमुख रामचरण मीणा, पूर्व प्रधान जानकीलाल सहरिया, प्रधान सेवाराम मीणा ने भी संबोधित किया। कांग्रेस के आयोजित कार्यक्रम में जिलेभर से पधारे कांग्रेसजनों का कांग्रेस अनुसूचित जनजाति विभाग अध्यक्ष हंसराज मीणा बामली द्वारा धन्यवाद ज्ञापित किया तथा संचालन देवेन्द्र मीणा ब्लाॅक अध्यक्ष बारां एसटी देहात द्वारा किया गया। कार्यक्रम के अंत में स्नेहभोज भी किया गया।कार्यक्रम में पूर्व विधायक शिवनारायण नागर, पूर्व जिलाध्यक्ष निजामुद्वीन खान, भामाशाह विष्णु साबू, पूर्व मंडी अध्यक्ष प्रदीप काबरा, उप सभापति कमल राठौर, प्रधान अजीत सिंह माथनी, निधि चंदेल, पूर्व सभापति कैलाश पारस, मुस्तफा खान, ब्लाॅक अध्यक्ष संदीप शर्मा, रामचरण मीणा, रामचरण मेहता, लक्ष्मीशंकर नागर, अरविन्द प्रताप सिंह, नगर अध्यक्ष धर्मचंद जैन, सेवादल के अशरफ देशवाली, एनएसयूआई के इरफान अंसारी, महिला अध्यक्ष नाहिदा बेगम, लोकसभा अध्यक्ष धर्मराज मेहरा, अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के लियाकत अली, किसान संघ के रमेश मीणा, शिक्षक प्रकोष्ठ के रामस्वरूप धारीवाल, घुमंतु प्रकोष्ठ के सुरेश भाण्ड, उप प्रधान रामहेत मीणा सहित सैकडों कांग्रेसजनों ने भाग लिया।
