मंत्रालयिक आंदोलन को कई महासंघों का समर्थन, आज करेंगे कचहरी परिसर की परिक्रमा

IMG_20170817_121443990बीकानेर, 17 अगस्त 2017. मंत्रालयिक कर्मचारियों का आंदोलनआज दसवें दिन भी जारी रहा। प्रतिदिन की भांति सभी कर्मचारी आज भी कर्मचारी मैदान में एकत्रित हुए, जहां आज कई अन्य महासंघों के पदाधिकारियों ने सभास्थल पर आकर मंत्रालयिक कर्मचारियों के आंदोलन को अपने-अपने संघ का समर्थन व्यक्त किया।

शिक्षा विभाग के वरिष्ठ से.नि. कर्मचारी घनश्याम गहलोत की अध्यक्षता में आज हुई सभा को सम्बोधित कर राजस्थान राज्य कर्मचारी महासंघ के अध्यक्ष आयुदान सिंह ने उनके महासंघ का समर्थन करते हुए कहा कि राजस्थान के सभी महासंघों को मंत्रालयिक कर्मचारियों के आंदोलन का समर्थन करना होगा, अन्यथा भविष्य में किसी भी वर्ग के कर्मचारी आंदोलन के सफल होने की संभावना नहीं रहेगी। उनके ही महासंघ के जोधपुर से आए कृष्णमुरारी शर्मा ने भी आंदोलन की सफलता हेतु शुभकामनाएं व्यक्त की। इसके अलावा सहायक कर्मचारी महासंघ के अध्यक्ष मदनसिंह राठौड़ ने उपस्थित कर्मचारियों को विश्वास दिलाया कि उनका महासंघ आपके आंदोलन को किसी भी सूरत में कमजोर नहीं होने देगा, इसके लिए राजस्थान के सभी सहायक कर्मचारी जरूरत पड़ने पर मंत्रालयिक कर्मचारियों के साथ आंदोलन में उतर जाएंगे। महासंघ लोकतांत्रिक के बनवारी लाल शर्मा और धूमल भाटी ने भी सभा को सम्बोधित करते हुए अपने महासंघ का समर्थन व्यक्त किया।

दूसरी ओर कई अन्य विभागों के आंदोलन में शामिल होने का सिलसिला आज भी जारी रहा। अभिलेखागार से रमेश तिवारी, सी.एम.एच.ओ. से पंकज त्यागी और अमित बोयल, वन विभाग से कैलाश श्रीमाली के नेतृत्व में उनके विभागों के कर्मचारी अपने कार्यालयों से रैली के रूप में नारेबाजी करते हुए सभास्थल पर पहुंचे। आज हुई सभा को संबोधित कलक्टर कार्यालय के धर्मेंद्र बोहरा और शूरवीर सिंह ने बताया कि आज कलक्टर कार्यालय के सभी कर्मचारियों की बैठक हुई, जिसमें आंदोलन की समाप्ति तक संघर्षरत रहने का संकल्प दोहराया गया। उपरोक्त के अलावा आज की सभा को संबोधित करने वाले मुख्य वक्ताओं में प्रदेश उपाध्यक्ष अविनाश व्यास, विजयसिंह राठौड़ के साथ उपनिवेशन के महेंद्र सिंह, परिवहन विभाग के कमल किशोर व्यास, महिला एवं बाल विकास के निलॉय कोड़ा, टीटी कॉलेज के राजेन्द्र आचार्य और शिक्षा विभाग के मदनमोहन व्यास प्रमुख रहे।

जिलाध्यक्ष सुरेश व्यास ने बताया कि कल 18 अगस्त को दोपहर 1 बजे रैली के रूप में कलक्टर कार्यालय परिसर की परिक्रमा की जाएगी तत्पश्चात जिला कलेक्टर को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा जाएगा।

कुलदीप व्यास (प्रवक्ता)

error: Content is protected !!