विकास कार्यों से आमजन को हुआ लाभ-सिद्धि कुमारी

विधायक ने 65 लाख रूपये के कार्य किए आमजन को समर्पित

bikaner samacharबीकानेर, 12 अक्टूबर। बीकानेर पूर्व विधानसभा क्षेत्र विधायक सिद्धि कुमारी ने गुरूवार को विभिन्न कार्यों का लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि विधायक कोष से तैयार विभिन्न विकास कार्यों से आमजन को लाभ हुआ है।

पूर्व क्षेत्र विधायक ने चौखूंटी पुलिया से खेरपुर भवन एवं आसपास की गलियों में सड़क निर्माण के 10 लाख रूपये के कार्य का लोकार्पण किया। इस अवसर पर स्थानीय महिलाओं ने उनका भव्य अभिनंदन किया तथा कहा कि सड़क बन जाने से उनके बड़ी राहत मिली है। इस अवसर पर नगर विकास न्यास अध्यक्ष महावीर रांका, डॉ. सत्यप्रकाश आचार्य, नगर विकास न्यास सचिव आर.के. जायसवाल, मोहन सुराणा, विजय सिंह, पवन शर्मा, अनिल पाहूजा, पाबूदान सिंह राठौड़, अरूण जैन, रामकुमार व्यास, नगर विकास न्यास के अधिशाषी अभियंता भंवरू खान, कनिष्ठ अभियंता एहसान अली, हारून रशीद सहित बड़ी संख्या में आमजन मौजूद थे।

कचहरी परिसर में विकास कार्यों का किया लोकार्पण

पूर्व क्षेत्र विधायक ने कचहरी परिसर में नाली ब्लॉक व सीसी निर्माण के 10 लाख रूपये के कार्यों का लोकार्पण किया। उन्होंने कार्य का अवलोकन किया तथा भविष्य में हरसंभव सहयोग का विश्वास दिलाया। इस दौरान बार एसोशिएसन अध्यक्ष रविकांत वर्मा, दाऊलाल हर्ष, सुरेश शर्मा, लालचंद सुथार, कमलनारायण पुरोहित सहित विभिन्न अधिवक्ता साथ रहे। उन्होंने नारी निकेतन परिसर में 15 लाख रूपये की लागत से तैयार सौंदर्यकरण एवं विकास कार्य तथा नगर विकास न्यास महावीर रांका द्वार 1 लाख रूपये की लागत से बनाए गए भव्य द्वार का लोकार्पण भी किया।

किचन गार्डन में लगाई जाएंगी जैविक सब्जियां

परिसर में शिशु गृह, बालिका गृह, सेवाश्रम व नारी निकेतन की आवासिनों को सकारात्मक व रचनात्मक वातावरण प्रदान करने के लिए किए गए सौंदर्यकरण के साथ-साथ खाली पड़े स्थान को किचन गार्डन के रूप में विकसित किया जाएगा। इसके लिए मिट्टी भराई का कार्य किया गया है। किचन गार्डन में जैविक सब्जियां लगाई जाएंगी। सिद्धि कुमारी ने परिसर में शिशु गृह व बालिकाओं के लिए करीब 55 लाख रूपए की लागत से नवनिर्मित भवन का अवलोकन किया। इस अवसर पर सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के उपनिदेशक एलडी पंवार, नारी निकेतन अधीक्षक कविता स्वामी, बाल कल्याण समिति अध्यक्ष वाईके शर्मा, हाजरा बानो, अरूणा भार्गव, मंजू नागल, मधुरिमा सिंह, सुमन जैन, संगीता शेखावत, सुमन शेखावत, मंजूलता रावत, विजयलक्ष्मी, डॉ. सुषमा बिस्सा, सुधा आचार्य, कामिनी भोजक आदि मौजूद थे। उन्होंने बालिका गृह में आवासित बालिकाओं से मुलाकात की।

अनेक कार्य हुए पूर्ण

विधायक कोष से पूर्ण अन्य कार्य भी गुरूवार को आमजन को समर्पित किए गए। इनमें जयनारायण व्यास कॉलोनी के सेक्टर छह तथा शार्दूलगंज के सी सेक्टर में पार्क सौंदर्यकरण के दस-दस लाख, मेहरोली हाउस के पास सड़क निर्माण के 3 लाख, वार्ड 55 में सड़क निर्माण के 2.5 लाख तथा वार्ड 48 में पार्क विकास के 5 लाख रूपये के विकास कार्य सम्मिलित हैं।

—–

टायसन 14 अक्टूबर को बीकानेर आएंगे

बीकानेर, 12 अक्टूबर। राज्य सफाई कर्मचारी आयोग के उपाध्यक्ष चंद्रप्रकाश टायसन 14 अक्टूबर को प्रातः 11बजे बीकानेर पहुंचेंगे। वे यहां वाल्मीकि समाज द्वारा आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे व समाज के लोगों की समस्याएं सुनेंगे। वे 15 अक्टूबर को प्रातः 10 बजे जोधपुर के लिए प्रस्थान करेंगे।

——

संभाग स्तरीय कार्यशाला व बैठक शुक्रवार को

बीकानेर, 12 अक्टूबर। किशोर न्याय (बालकों की देखरेख और संरक्षण) अधिनियम 2015, लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम 2012 तथा समेकित बाल संरक्षण योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए संभाग स्तरीय समीक्षा बैठक व कार्यशाला शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में प्रातः 10 बजे आयोजित की जाएगी। कार्यशाला की अध्यक्षता बाल अधिकारिता विभाग के निदेशक जे सी देसाई करेंगे। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के उपनिदेशक एल डी पंवार ने यह जानकारी दी।

—–

जिला स्तरीय आमुखीकरण प्रशिक्षण शुक्रवार को

बीकानेर, 12 अक्टूबर। महिला अधिकारिता विभाग की ओर से राजस्थान डायन प्रताड़ना अधिनियम 2015 व नियम 2016 के संबंध में जिला स्तरीय एक दिवसीय आमुखीकरण प्रशिक्षण शुक्रवार को प्रातः 11ः30 बजे बाबू हैरिटेज होटल में आयोजित किया जाएगा। विभाग की सहायक निदेशक मेघारतन ने यह जानकारी दी।

—–

अन्तर्राष्ट्रीय आपदा न्यूनीकरण दिवस शुक्रवार को

बीकानेर, 12 अक्टूबर। अन्तर्राष्ट्रीय आपदा न्यूनीकरण दिवस शुक्रवार को मनाया जाएगा। आपदा प्रबंधन के प्रति आमजन, स्कूली बच्चों व युवाओं में जागरूकता व उनकी भागीदारी के लिए, इस अवसर पर जिला व राज्य स्तर पर निबंध प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा।

—–

श्रीगंगानगर की 50 महिला किसानों ने वेटरनरी विश्वविद्यालय में जानी पशुपालन तकनीकें

बीकानेर, 12 अक्टूबर। कृषि विभाग की आत्मा परियोजना के तहत श्रीगंगानगर की 50 महिला कृषक एवं पशुपालकों के दल ने गुरूवार को वेटरनरी विश्वविद्यालय का भ्रमण कर पशुपालन की विभिन्न तकनीकों को देखा और जानकारी ली। उन्होंने म्यूजियम का अवलोकन कर हरे चारे उत्पादन की अजोला इकाई के बारे में जानकारी ली। अजोला इकाई में वर्ष भर हरा चारा घर या खेतों में ही उपलब्ध होता है। महिला कृषकों ने कुक्कुटशाला में पशु विविधिकरण सजीव मॉडल में विभिन्न पशु-पक्षियों के पालन और उनके आय बढ़ाने के बारे में जानकारी प्राप्त की। मुर्रा भैंस, मुर्गी, बतख और खरगोश पालन के साथ-साथ टर्की और एमू पालन को गौर से देखा। प्रसार शिक्षा के सहायक प्राध्यापक डॉ. देवी सिंह और डॉ. पंकज मिश्रा ने उन्हें जानकारी दी। श्रीगंगानगर के सहायक कृषि अधिकारी राधेश्याम तरीका ने दल का नेतृत्व किया।

——

लैंगिक उत्पीड़न अधिनियम संबंधी आमुखीकरण कार्यशाला आयोजित

बीकानेर, 12 अक्टूबर। कार्यस्थल पर लैंगिक उत्पीड़न (निवारण, प्रतिशोध एवं प्रतितोष) अधिनियम 2013 के संबंध में महिला अधिकारिता विभाग की ओर से जिला स्तरीय एक दिवसीय आमुखीकरण प्रशिक्षण गुरूवार को होटल बाबू हैरिटेज में आयोजित किया गया। इसमें अधिनियम के तहत गठित स्थानीय शिकायत समिति एवं 16 विभागों में गठित आंतरिक शिकायत समितियों के अध्यक्ष व सदस्यों ने भाग लिया।

विभाग की सहायक निदेशक मेघा रतन ने कार्यस्थल पर लैंगिक उत्पीड़न अधिनियम की विस्तारपूर्वक जानकारी देते हुए बताया कि इस कानून का उद्देश्य कार्यस्थल पर महिलाओं के संवैधानिक अधिकारों की रक्षा करना है। सभी संगठित-असंगठित क्षेत्र, सरकारी-गैर सरकारी कार्यालय, संस्थान, स्वरोजगार स्थान कार्यस्थल हो सकते हैं। उन्होंने बताया कि जिस कार्यालय में दस या अधिक कार्मिक कार्यरत हों, वहां आंतरिक शिकायत समिति का गठन अनिवार्य है अन्यथा सीधे स्थानीय शिकायत समिति को परिवेदना प्रस्तुत की जा सकती है।

प्रशिक्षण में पीएलडी संस्था, नई दिल्ली की मास्टर ट्रेनर रचना शर्मा ने प्रशिक्षण दिया। इस अवसर पर डॉ. प्रभा भार्गव, डॉ. गुरजीत कौर, डॉ. अभिलाषा आल्हा, उपनिदेशक सांख्यिकी दीपक गोस्वामी उपस्थित थे।

——-

अशोक जांगिड़ को पीएच.डी उपाध

बीकानेर, 12 अक्टूबर। महाराजा गंगासिंह विश्वविद्यालय ने डूंगर कॉलेज के प्राणीशास्त्र विभाग के शोधार्थी अशोक जांगिड़ को पीएच.डी उपाधि प्रदान की है।

महाविद्यालय के मीडिया प्रकोष्ठ प्रभारी डॉ.राजेन्द्र पुरोहित ने बताया कि जांगिड़ ने अपना शोध कार्य “स्विस एल्बिनो चूहों की आंत्र पर विकिरण एवं कैडिमियम के दुष्प्रभाव एवं उनका एलॉयवीरा द्वारा रक्षात्मक प्रभाव” विषय पर डूंगर कॉलेज के प्राणीशास्त्र विभाग की वरिष्ठ व्याख्याता डॉ. अरूणा चक्रवर्ती के निर्देशन में पूर्ण किया। प्राचार्य डॉ. बेला भनोत एवं संकाय सदस्यों ने जांगिड़ एवं डॉ. अरूणा की इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त की है।

——-

सिंह एवं रत्नू का शुक्रवार को बीकानेर यात्रा कार्यक्रम निरस्त

बीकानेर, 12 अक्टूबर। राजस्थान राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग के सदस्य एस.पी.सिंह एवं उमा रत्नू का शुक्रवार को बीकानेर यात्रा कार्यक्रम अपरिहार्य कारणों से निरस्त हो गया है।

—–

पंचवटी कार्यक्रम के तहत पौधारोपण

बीकानेर, 12 अक्टूबर। श्री सनातन धर्म राजकीय जिला आयुर्वेद चिकित्सालय में गुरूवार को जिला आयुर्वेद अधिकारी महावीर सिंह राठौड़ की उपस्थिति में चिकित्सालय के कार्मिकों ने पंचवटी कार्यक्रम के तहत पौधारोपण किया। वरिष्ठ चिकित्सक गौरीशंकर शर्मा ने बताया कि शुक्रवार को चिकित्सालय में स्वाइन फ्लू व मौसमी बीमारियों से बचाव हेतु क्वाथ तैयार कर वितरित किया जाएगा।

error: Content is protected !!