जूनागढ़ परिसर में चार दिवसीय छायाचित्र प्रदर्शनी शुक्रवार से

bikaner samacharबीकानेर, 11 जनवरी 2018 । अंतरराष्ट्रीय ऊंट उत्सव के तहत शुक्रवार से जूनागढ़ परिसर में चार दिवसीय छायाचित्र प्रदर्शनी का आयोजन किया जाएगा।

जिला प्रशासन द्वारा सूचना एवं जनसम्पर्क कार्यालय तथा बीकानेर सिटी ब्लॉग के संयुक्त तत्त्वावधान् में आयोजित होने वाली इस प्रदर्शनी का उद््घाटन शुक्रवार को दोपहर तीन बजे होगा। प्रदर्शनी 15 जनवरी तक आमजन के अवलोकनार्थ सुबह 10 बजे से सांय 5 बजे तक निःशुल्क खुली रहेगी। प्रदर्शनी में शहर के लगभग 40 शौकिया व पेशेवर फोटोग्राफर्स अपने 120 छायाचित्रों का प्रदर्शन करेंगे। प्रदर्शनी के दौरान राष्ट्रीय पुरस्कार प्राप्त नेशनल जियोग्राफी चैनल के फोटोग्राफर मुकेश श्रीवास्तव के फोटोग्राफ्स भी प्रदर्शित किए जाएंगे। पर्यटकों व स्थानीय निवासियों को आकर्षक छायाचित्रों के माध्यम से बीकानेर की कला व संस्कृृति, ऊंट उत्सव, पर्यटन स्थलों आदि की झलक देखने को मिलेगी।

हैरिटेज वॉक की तैयारियों को दिया अंतिम रूप

जिला प्रशासन द्वारा नगर विकास न्यास, पर्यटन विभाग तथा लोकायन संस्थान द्वारा 14 जनवरी को प्रातः 8 बजे से आयोजित होने वाली हैरिटेज वॉक की तैयारियों का गुरूवार को अंतिम रूप दिया गया। अतिरिक्त जिला कलक्टर (नगर) शैलेन्द्र देवड़ा ने बताया कि हैरिटेज वॉक के दौरान इस बार अनेक नवाचार किए जाएंगे। इनमें साफा प्रदर्शनी, उस्ता एवं मथेरण कला के अलावा रम्मत का प्रदर्शन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि वॉक के दौरान देशी-विदेशी पर्यटक बीकानेर की हवेलियों की नक्काशी को देख सकेंगे। वहीं फूड वॉक में बीकानेरी रबड़ी, दूध-जलेबी तथा नमकीन का लुत्फ उठा सकेंगे। हैरिटेज वॉक की शुरूआत रामपुरिया हवेलियों से होगी तथा यह मोहता चौक, नाइयों की गली, सब्जी बाजार, चाय पट्टी, घूमचक्कर से लक्ष्मीनाथ घाटी होते हुए बीकाजी की टेकरी पहुंचेगी।

चंदा देगा संदेश, साफा-पगड़ी होंगे आकर्षक का केन्द्र

हैरिटेज वॉक के दौरान लोक कलाकार कृष्ण चंद्र पुरोहित द्वारा साफ-पगड़ी एवं चंदे का प्रदर्शन किया जाएगा। पुरोहित ने बताया कि चंदे के माध्यम से बाल विवाह, पर्यावरण, धूम्रपान निषेध तथा पर्यावरण संरक्षण, कम्प्यूटर क्रांति से संबंधित संदेश दिए जाएंगे। वहीं विभिन्न क्षेत्रों, समाजों एवं धर्मों की पगड़ियां एवं साफे भी प्रदर्शित किए जाएंगे।

– मोहन थानवी

error: Content is protected !!