तथ्यात्मक जानकारी, आत्मविश्वास व तर्कपूर्ण अभिव्यक्ति से होगा प्रभावी सम्प्रेषण

IMG_1375बीकानेर, 19 जनवरी। कथाकार शरद केवलिया ने कहा कि प्रभावी सम्प्रेषण हेतु वक्ता में भरपूर आत्मविश्वास हो व वह तथ्यात्मक जानकारी के साथ तर्कपूर्ण अभिव्यक्ति करे। प्रभावी संप्रेषण द्वारा कार्मिकों की कार्यक्षमता बढ़ती है और टीम भावना का विकास होता है।

केवलिया शुक्रवार को ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरसेटी) में “प्रभावी सम्प्रेषण” विषय पर व्याख्यान दे रहे थे। केवलिया ने कहा कि संप्रेषण या संचार के द्वारा एक व्यक्ति अपना संदेश, विचार, ज्ञान या अनुभव दूसरे व्यक्ति तक पहुंचाता है। किसी भी सरकारी या गैरसरकारी संस्थान में संप्रेषण या कम्यूनिकेशन की अहम्् भूमिका होती है। इसे प्रशासनिक संगठन की रक्तधारा कहा गया है। उन्होंने कहा कि संस्थान के निर्धारित लक्ष्यों की प्राप्ति बेहतर संप्रेषण से ही संभव है। अगर अधिकारी अपने अधीनस्थ से उचित रूप से बात व व्यवहार करेगा, उसे चाहा गया कार्य स्पष्ट रूप से समझाएगा, तभी कर्मचारी पूरी निष्ठा व कुशलता से काम कर सकेगा।

केवलिया ने कहा कि प्रभावी संप्रेषण हेतु अपने विचारों को प्रकट करने से पूर्व, तथ्यों की पूरी जानकारी होनी आवश्यक है। इसके बाद अन्य व्यक्ति के सामने अपने विचार समुचित ढंग से रखे जाएं व वह व्यक्ति भली भांति समझ कर उन विचारों पर अपनी स्वीकृृति प्रदान करे। श्रोता यह नहीं समझे कि वक्ता क्या बोल रहा है या श्रोता समझ तो रहा है पर स्वीकार नहीं कर रहा, आदि स्थितियां प्रभावी संप्रेषण में बाधाएं हैं। संप्रेषण मौखिक, लिखित या सांकेतिक हो सकता है। वक्ता द्वारा उपयुक्त बॉडी लेंग्वेज का इस्तेमाल करने से श्रोताओं पर अच्छा प्रभाव पड़ता है।

संस्थान निदेशक प्रभुदयाल ने बताया कि यह व्याख्यान, प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम के तहत सामान्य उद्यमशीलता विकास कार्यक्रम में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे युवाओं को दिया गया। इस अवसर पर शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों के युवा उपस्थित थे।

———

छः न्याति पत्रिका के नवनिर्मित उप कार्यालय का उद्घाटन शनिवार को

बीकानेर, 19 जनवरी। छः न्याति पत्रिका के पुरानी गजनेर रोड स्थित नवनिर्मित उप कार्यालय का उद्घाटन शनिवार को दोपहर 12ः30 बजे होगा।

श्री ब्रह्म गायत्री सेवाश्रम के अधिष्ठाता रामेश्वरानंद महाराज के सान्निध्य में होने वाले कार्यक्रम में समाजसेवी डॉ. अशोक ओझा, आयकर अधिकारी डॉ. प्रदीप पारीक, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ प्रकल्प की डॉ. मीना आसोपा, जार के प्रदेश संगठन सचिव भवानी जोशी, विप्र फाउण्डेशन के अध्यक्ष भंवर पुरोहित, पारीक महिला समिति की अध्यक्ष डॉ. अनुराधा पारीक, विप्र फाउण्डेशन महिला प्रकोष्ठ की अध्यक्ष सुनीता गौड़ तथा पार्षद भवानी पारीक बतौर अतिथि मौजूद होंगी। इस अवसर पर न्यूरोसर्जन डॉ. सुशील आचार्य तथा डॉ कपिल पारीक का सम्मान किया जाएगा।

error: Content is protected !!