जिला निर्वाचन अधिकारी वैभव गालरिया की पहल पर हो रहा यह अभिनव प्रयोग
गालरिया ने घूघरा गांव के घरों में जाकर दिया मतदान करने का न्यौता व आमंत्रण पत्र
अजमेर। ”आपने एक दिसम्बर को न्यौतो है, वोट देबा जरूर आईजो। आपने घर आकर न्यौतो देकर जा रियो हूँ। आपका सगला घर परिवार और नाते-रिश्तेदार जो मतदाता है, ने लेर वोट देबा आणो है।ÓÓ जिला निर्वाचन अधिकारी श्री वैभव गालरिया ने मतदाताओं को मतदान के लिए प्रेरित करने की अपनी अभिनव पहल के तहत शनिवार को घूघरा गांव में ग्रामीणों को उनके घर जाकर न्यौता दिया।
जिले में मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए श्री गालरिया की पहल पर पूरे राजस्थान में अनूठार यह प्रयास शनिवार से शुरू हो गया। घूघरा गांव में जिला निर्वाचन अधिकारी और प्रशासन के अधिकारियों ने गांव में लोगों को उनके घर जाकर निमंत्रण पत्र व पीले चावल बांटे।
जिला निर्वाचन अधिकारी श्री गालरिया शाम को घूघरा गांव के एक मौहल्ले में पहुंचे और ग्रामीणों से मुलाकात कर उन्हें निमंत्रण व पीले चावल बांटे। उन्होंने ग्रामीणों से उन्हीं की भाषा में बात करते हुए कहा कि ”ई बार वोट ज्यादा से ज्यादा देणो हैं। घूघरा गांव में ई योजना की शुरूआत की गई है। ई वजह हूं आपकी जिम्मेदारी और ज्यादा बढ़ गई है। आपने एक दिसम्बर को ज्यादा हूं ज्यादा लोगां ने साथ लेर वोट डालबा आणों हैं।ÓÓ
जिला कलक्टर को अपने घर आए देख गांव के लोग भी बहुत खुश हुए। गांव के नाथू तंवर, गिरधारी गुर्जर, रूपचंद वैष्णव, नारायण जी, भंवर लाल गांगल, आम्बा जी, हरचंद, चतुर्भुज एंव मुकेश सहित अन्य ग्रामीण जिला निर्वाचन अधिकारी का यह निमंत्रण पाकर बहुत खुश हुए। उन्होंने विश्वास दिलाया कि विधानसभा चुनाव में पिछली बार से ज्यादा मतदान कर आप के निमंत्रण की लाज रखेंगे।
इससे पूर्व घूघरा के राजकीय माध्यमिक विद्यालय में आयोजित मतदाता जागरूकता मेले को संबोधित करते हुए श्री गालरिया ने कहा कि मतदान में अब कुछ ही दिन शेष है। यह नागरिकों का भी दायित्व है कि वे वोट डालने अवश्य जाएं तथा औरों को भी प्रेरित करें। आपके गांव का कोई व्यक्ति ऐसा ना रहे जो गांव में उपस्थित होने के बावजूद वोट नहीं डाल सका हो।
श्री गालरिया ने बताया कि इस बार निर्वाचन विभाग ने मतदाताओं को होने वाली परेशानियों से बचाने के लिए खुद ही मतदाता पर्ची बंटवाने का काम शुरू किया है। शीघ्र ही आपके घरों तक फोटोयुक्त मतदाता पर्ची पहुंच जाएगी। इसे लेकर आप बिना किसी अन्य पहचान पत्र के भी वोट डाल सकते हैं। उन्होंने कहा कि घूघरा गांव से हम निमंत्रण, पीले चावल व मतदाता पर्ची बांटने की शुरूआत कर रहे हैं। ऐसे में ग्रामीण भी इस पुनीत कार्य में मनोयोग से सहयोग करें तथा एक दिसम्बर को होने वाले मतदान के लिए ज्यादा से ज्यादा संख्या में पधारें।
कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए स्वीप कमेटी के अध्यक्ष श्री सी.आर. मीना ने कहा कि हम मतदाता जागरूकता के लिए पूरे प्रयास कर रहे हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में कला जत्थों व अन्य तरीकों से लोगों को मतदान के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया गया है। यह कार्यक्रम पूरे जिले में जारी है। स्वीप अभियान में प्रशासन स्वंयसेवी संगठन तथा ग्रामीण व शहरी मतदाताओं का पूरा सहयोग मिल रहा है। कार्यक्रम को श्रीनगर विकास अधिकारी श्री मुरारी लाल शर्मा ने भी सम्बोधित किया।
मतदाता जागरूकता मेले में घूघरा ग्राम पंचायत के ग्रामीणों ने बढ़-चढ़ कर भागीदारी की। ग्रामीण महिलाओं ने परम्परागत पोशाकों में गीतों के साथ नृत्य किया। ढोल, तुरही व कच्ची घोड़ी की नृत्य ने मतदाता जागरूकता मेले में उपस्थित ग्रामीणों का खूब मनोरंजन किया।