मारवाड़ जं.। भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं विधायक किरण माहेश्वरी नें कहा कि भाजपा राज में सुशासन से देश की दिशा एवं दशा में बड़े परिवर्तन होंगे। नरेन्द्र मोदी नें देश के सामने अपनी प्रतिबद्धताएं रखते हुए कहा कि तिव्र विकास, रोजगार के अवसरों में वृद्धि और जन सामान्य के हितों के प्रति संवेदनशीलता सुशासन के आधार होंगे। केन्द्र में मोदी सरकार बनाने के लिए देश की जनता नें मन बना लिया है। किरण माहेश्वरी धायलाना ग्राम में मारवाड़ जं. विधानसभा के कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित कर रही थी। किरण नें कहा कि कार्यकर्ता पार्टी की शक्ति हैं। कार्यकर्ताओं की निष्ठा, परिश्रम और प्रतिबद्धता के कारण ही आज सारे भारत में भाजपा का विस्तार हुआ है। वर्षों की त्याग और तपस्या को फलीभूत करने के लिए कार्यकर्ता पूरी शक्ति से नरेन्द्र मोदी के संदेश को घर घर पहुंचाएं। मतदान के दिन अधिकतम मतदान के लिए अपनी सारी उर्जा लगाएं। जनता के निश्चय को विजय में बदलने के लिए पार्टी के सभी कार्यकर्ता पूर्ण उत्साह और उमंग के साथ कार्य करें।
किरण नें कहा कि विधानसभा क्षेत्र में भाजपा को जिस मतदान केन्द्र से सर्वाधिक अंतर से विजय मिलेगी, वहाँ के कार्यकर्ताओं का अभिनंदन किया जाएगा। कार्यकर्ता केवल अपने अपने मतदान केन्द्रों पर ही अपना समय एवं उर्जा लगाएं। किरण माहेश्वरी नें कहा कि भाजपा विकास और सुशासन की बात कर रही है। सारी भाजपा विरोधी पार्टियाँ केवल साम्प्रदायिकता और तुष्टिकरण के आधार पर अपना अभियान चला रही है। यह समय की सबसे बड़ी विडम्बना है कि चोर और लुटेरे सद्चरित्र लोगों पर भ्रष्टाचार के मिथ्या आरोप लगा रहे हैं। महाघोटालों के सूत्रधार देश के सामनें भ्रष्टाचार पर प्रवचन दे रहे हैं।
कार्यकर्ता सम्मेलन को मारवाड़ विधायक केशाराम, बिलाड़ा विधायक अर्जुनराम गर्ग, पाली जिलाध्यक्ष महेन्द्र बोहरा, युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष सु रेश चौधरी, महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष अनुसुइया चारण एवं प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य नाथुलाल गुर्जर नें भी संबोधित किया। राजसमंद ग्रामीण मण्डल के युवा मोर्चा अध्यक्ष नर्बदाशंकर पालीवाल एवं महामंत्री हितेश जोशी भी उपस्थित थे।