अजमेर। भारत निर्वाचन आयोग से पंजीकृत राजनीतिक दल नेशनल फ्यूचर पार्टी (एन.एफ.पी.) ने जिला रसद अधिकारी, अजमेर को ज्ञापन देकर वार्ड 32 में केरोसिन कूपन के नाम पर अवैध वसूली के संबंध में शिकायत की है।
राष्ट्रीय अध्यक्ष बजरंग लाल साहू के नेतृत्व में पार्टी के एक प्रतिनिधिमंडल ने शुक्रवार को जिला रसद अधिकारी सुरेश सिन्धिी से मिलकर एक ज्ञापन दिया जिसमें कहा गया है कि वार्ड 32 तोपदड़ा में इन दिनों शिक्षा उपनिदेशक (माध्यमिक) कार्यालय में कार्यरत राजकुमार भाटिया, निवासी आनंदपुरा और राजकीय महाविद्यालय में प्रयोगशाला सहायक त्रिलोक मेहरा, निवासी न्यू अम्बावाड़ी द्वारा घर-घर जाकर राशन काडïर््स का वितरण किया जा रहा है। विभागीय निर्देशानुसार इन्हें प्रति राशनकार्ड दस रुपए की राशि प्राप्त करनी है जबकि ये दोनों व्यक्ति पंद्रह-पंद्रह रुपए प्रति राशनकार्ड वसूल कर रहे हैं। इस प्रकार प्रति राशनकार्ड केरोसीन कूपन के नाम से पांच रुपए की वसूली अतिरिक्त की जा रही है। जिन घरों में गैस कनेक्शन है वहां ये दोनों व्यक्ति डायरी तो दे नहीं रहे, परंतु पंद्रह रुपए अवश्य वसूल कर रहे हैं। राजकुमार भाटिया का कहना है कि वे विभागीय निर्देशानुसार इस राशि को वसूल रहे हैं जबकि त्रिलोक मेहरा का कहना है कि जिला रसद अधिकारी भी उनका कुछ नहीं बिगाड़ सकते, जिसे राशन कार्ड चाहिए उसे ये राशि देनी ही होगी। जो लोग दस रुपए देने की बात कर रहे हैं उन्हें कहा जा रहा है कि हमें कानून मत सिखाओ, पंद्रह रुपए दोगे तब ही राशन कार्ड मिलेगा, जहां चाहे शिकायत कर दो। मजबूरी में इस वार्ड के निवासियों को पांच रूपए अधिक देकर कार्ड लेना पड़ रहा है। वार्ड वासियों का कहना है कि बेकार पांच रुपए के झंझट में कौन पड़े, जबकि दोनों व्यक्तियों को पाच-पांच सौ कार्ड वितरण हेतु दिए गए हैं और पांच रुपए की दर से दोनों मिलकर लगभग पांच हजार रुपए की राशि एकत्र करने की जुगाड़ में हैं। यहां यह उल्लेखनीय है कि पिछले अनेक महीनों से इस वार्ड के निवासियों को केरोसीन के दर्शन तक नहीं हो पाए हैं।
ज्ञापन में अनुरोध किया गया है कि उक्त संपूर्ण प्रकरण की गंभीरता से जांच कराकर इस अवैध वसूली से आम जनता को राहत दिलाएं, साथ ही सभी पात्र व्यक्तियों को केरोसीन दिलवाने की प्रक्रिया भी कठोरता से सुनिश्चित कराएं। साहू के साथ पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रामकुं वर कस्वां, राष्ट्रीय महामंत्री अमर सिंह सहाय और महिला प्रकोष्ठ की प्रदेश अध्यक्ष सरला शर्मा आदि पदाधिकारी भी मौजूद थे। ज्ञापन की प्रतिलिपी अजमेर के जिला कलक्टर, संभागीय आयुक्त राज्य के खाद्य एवं आपूर्ति मंत्री, उपनिdeशक (माध्यमिक शिक्षा) अजमेर और प्राचार्य, राजकीय महाविद्यालय अजमेर को भी दी गई है।