अजमेर। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में चलाए जा रहे समर कैम्प में दूसरे दिन विद्यार्थियों को विभिन्न कानूनी जानकारियां दी गई। विशेषज्ञों ने उन्हें यातायात नियमों का पालन एवं व्यक्तित्व विकास पर भी महत्वपूर्ण प्रशिक्षण दिया।
राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड के राजीव गांधी सभागार में जारी समर कैम्प का दूसरे दिन जिला एवं सत्र न्यायधीश श्री उमेश कुमार शर्मा एवं प्राधिकरण के सचिव श्री सुरेन्द्र पुरोहित ने जायजा लिया। परिवहन विभाग के जिला परिवहन अधिकारी श्री वीरेन्द्र सिंह राठौड़ ने विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा विधि एवं उनकी समस्याएं विषय पर जानकारी दी। उन्होंने यातायात संकेतक, सड़क के चिन्ह, दुर्घटनाओं का कारण एवं निवारण सहित अन्य पहलुओं के बारे में भी बताया।
शिविर में बच्चों को सामाजिक कुरीतियों की जानकारी दी। बालविवाह एवं इसके दुष्परिणामों के बारे में बताया गया। मनोरंजन के माध्यम से बच्चों को सामाजिक बुराईयों से लडऩा भी सिखाया गया।
जोधपुर के श्री अरविन्द भट्ट ने कम्यूनिकेशन स्किल एवं पब्लिक स्पीकिंग विषय पर बच्चों को प्रभावशाली जानकारी दी। उन्होंने व्यक्तित्व विकास के गुर भी सिखाए। श्री भट्ट ने कहा कि प्रभावी भाषण पूर्व तैयारी के साथ ही दिया जा सकता है। हमे यह समझना होगा कि भाषण देना भी एक कला है। शिविर में विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थी एवं महिला संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित थे।