इन दिनों अजमेर के चंद कांग्रेसी नेता यथा प्रताप यादव, नील शर्मा, अनुपम शर्मा, अमित बीदावत इत्यादि केन्द्र व राज्य में काबिज भाजपा सरकार की धज्जियां उड़ाने के लिए सोशल मीडिया का जम कर उपयोग कर रहे हैं। फेसबुक व वाट्स एप पर रोजाना इनकी पोस्ट दिखाई देती है, जिसमें भाजपा सरकार की कमियां उजागर की जाती हैं। उनकी यह सक्रियता कांग्रेस की बुरी तरह से पराजय होने के बाद सामने आई है। तभी तो लोग उन्हें कहने लगे हैं कि अगर इतने सक्रिय चुनाव से पहले हो गए होते तो कांग्रेस की कम से कम ये दुर्गति तो नहीं होती। असल में महंगाई व भ्रष्टाचार ने कांग्रेस की हार में अहम भूमिका निभाई, मगर साथ ही सोशल मीडिया पर फिसड्डी होना भी कांग्रेसियों को महंगा साबित हुआ। बहरहाल, पहली बार कांग्रेसियों को भाजपा व आप कार्यकर्ताओं की तरह मुखर होते देखा जा रहा है, जो कि उनकी पार्टी के लिए सुखद है।