ब्यावर में 9 अभ्यर्थियों ने 12 नामांकन दाखिल
अजमेर। निकाय चुनाव की अधिसूचना के बाद दूसरे दिन आज ब्यावर नगरपरिषद के लिए 9 अभ्यर्थियों द्वारा 12 नामांकन दाखिल हुए वहीं पुष्कर नगरपालिका के लिए कोई नामांकन नहीं हुआ।
रिटर्निंग अधिकारी ब्यावर श्री भगवती प्रसाद के अनुसार ब्यावर नगरपरिषद के विभिन्न वार्डो के लिए आज 9 अभ्यर्थियों द्वारा कुल 12 नामांकन प्रस्तुत किए गए। जिसके तहत वार्ड नं. 6 से मीना ने बीजेपी प्रत्याशी के रूप में, वार्ड नं. 11 से नटवर लाल ने बीजेपी एवं निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में, वार्ड नं. 12 से कमला दगदी ने कांग्रेस प्रत्याशी के रूप में, वार्ड नं. 26 से ज्ञानदेव झंवर ने बीजेपी एवं निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में, वार्ड नं. 29 से सत्य नारायण ने बीजेपी प्रत्याशी के रूप में, वार्ड नं. 33 से पूनम सिंह ने कम्यूनिस्ट पार्टी ऑफ इण्डिया के प्रत्याशी के रूप में, वार्ड नं. 43 से राजेश्वरी यादव ने बीजेपी एवं निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में तथा वार्ड नं. 44 से महेन्द्र सिंह गौड़ ने बीजेपी एवं निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में अपना नामांकन पत्र दाखिल कराया है।
रिटर्निंग अधिकारी पुष्कर श्री संजय कुमार माथुर के अनुसार पुष्कर नगरपालिका के 15 वार्डो के लिए अधिसूचना जारी होने के बाद आज दूसरे दिन भी कोई नामांकन प्रस्तुत नहीं किया गया है।