अजमेर। संभागीय आयुक्त श्री धर्मेन्द्र भटनागर के निर्देशों की अनुपालना में अतिरिक्त संभागीय आयुक्त श्री रमेश चंद सोलंकी ने विभिन्न विभागों को शहर को स्वच्छ व सुन्दर रखने के निर्देश दिए है। आगामी 30 नवम्बर को मुख्यमंत्री श्रीमती वसुंधरा राजे की अजमेर यात्रा प्रस्तावित है। अतिरिक्त संभागीय आयुक्त श्री सोलंकी ने गुरूवार को संभागीय आयुक्त कार्यालय में विभिन्न विभागों की बैठक ली। उन्होंने शिक्षा विभाग को निर्देश दिए कि मुख्यमंत्री की यात्रा के मद्देनजर विद्यालयों में सफाई एवं स्वच्छता का खास ध्यान रखा जाए। निजी विद्यालय अपने आसपास के मार्ग सफाई के लिए गोद ले तथा उन पर कचरा पात्र रखवाए।
श्री सोलंकी ने उच्च शिक्षा विभाग के अधिकारियों को कॉलेज एवं विश्वविद्यालयों के परिसर एवं आसपास सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि इस कार्य में विभिन्न व्यापारिक संगठनों का भी सहयोग लिया जाएगा। इन संगठनों से उनके व्यापार क्षेत्र की सड़कों की सफाई कार्य को गोद लेने तथा अधिक से अधिक कचरा पात्र रखवाने के लिए आग्रह किया जाएगा। उन्होंने चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि अस्पतालों में सफाई का विशेष ध्यान रखा जाए। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।