आम आदमी की बात करने वाली आम आदमी पार्टी (AAP) के नेता अरविंद केजरीवाल चंदा जुटाने के लिए कथित तौर पर बिजनस क्लास (फर्स्ट क्लास) से हवाई यात्रा करने पर विवादों में घिर गए हैं। केजरीवाल चंदा जुटाने के लिए फ्लाइट से दुबई गए थे।
दरअसल केजरीवाल की इस ट्रिप पर विवाद एक तस्वीर के बाद शुरू हुआ। इस तस्वीर में केजरीवाल प्लेन के बिजनस क्लास में बैठे दिखते हैं। यह तस्वीर सोशल मीडिया में खूब शेयर हो रही है।
उधर, आम आदमी पार्टी ने केजरीवाल के बिजनस क्लास से सफर करने का बचाव किया है। आप ने प्रेस रिलीज जारी कर कहा कि यह टिकट आयोजकों की ओर से दिया गया था। इसमें पार्टी के फंड का इस्तेमाल नहीं किया गया है, इसलिए इसमें कुछ भी गलत नहीं है।
वहीं कांग्रेस, बीजेपी और आम आदमी पार्टी के पूर्व विधायक विनोद कुमार बिन्नी ने इसे केजरीवाल की असलियत बताते हुए निशाना साधा है।
कांग्रेस नेता शोभा ओझा ने कहा कि आम आदमी पार्टी पूरी तरह से एक्सपोज हो चुकी है। उसका असली चेहरा आ चुका है। वे आम आदमी की बात करते हैं, जबकि उसके मुखिया बिजनस क्लास में ट्रैवल कर रहे हैं। यह साफ तौर पर आम आदमी पार्टी की असलियत दिखाती है।
बीजेपी ने केजरीवाल पर तंज कसते हुए कहा कि आम आदमी पार्टी को फोर्ड फाउंडेशन ही फंड करती रही है। वही केजरीवाल के मुखिया हैं। ऐंटि-सोशल फंडिग दुबई के जरिए होती है, इसलिए केजरीवाल वहां जा रहे हैं।
विनोद कुमार बिन्नी ने भी केजरीवाल के दुबई जाने और दिल्ली में बड़ी तादाद में लगाए गए आप के पोस्टर-बैनरों पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि केजरीवाल दुबई और अमेरिका इसलिए जा रहे हैं, क्योंकि उनको देश से कुछ मिल नहीं रहा है।