शिलान्यास की राजनीति बंद करें देवनानी, जनता को भाषण और अखबारों की सुर्खियां नहीं, घरों में पर्याप्त पानी चाहिए – कांग्रेस
वर्क ऑर्डर जारी होने से पहले शिलान्यास करवाने पर उठाए सवाल, तीन महीने बाद भी योजना की प्रगति को लेकर जनता को जवाब देने की मांग
अजमेर। अजमेर शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक डॉ. राजकुमार जयपाल ने विधानसभा अध्यक्ष एवं अजमेर उत्तर विधायक वासुदेव देवनानी पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि अजमेर की जनता को पेयजल के नाम पर लगातार बड़े-बड़े सपने दिखाए जा रहे हैं। अखबारों में करोड़ों रुपये की योजनाओं की घोषणाएं प्रकाशित करवाकर और शिलान्यास के कार्यक्रम आयोजित कर विकास का ढिंढोरा पीटा जा रहा है, लेकिन शहर की वास्तविक स्थिति यह है कि आज भी अनेक इलाकों में 72 घंटे के अंतराल से नाममात्र के दबाव और सीमित मात्रा में पानी की आपूर्ति हो रही है।डॉ. जयपाल ने कहा कि देवनानी को जनता को यह बताना चाहिए कि आखिर अजमेर की जनता कब तक 72 घंटे पानी का इंतजार करती रहेगी? क्या यही विकसित अजमेर का सपना है? आम परिवार पीने के पानी और घरेलू जरूरतों के लिए परेशान है। लोगों को पानी की व्यवस्था करने के लिए अतिरिक्त खर्च उठाना पड़ रहा है, लेकिन जिम्मेदार जनप्रतिनिधि जनता की परेशानी दूर करने के बजाय अखबारों में अपनी उपलब्धियों का प्रचार करवाने में व्यस्त हैं।
270 करोड़ की योजना का शिलान्यास, लेकिन काम शुरू होने पर सवाल!
डॉ. जयपाल ने कहा कि नसीराबाद से नौसर घाटी होते हुए कोटड़ा तक लगभग 48.7 किलोमीटर लंबी पाइपलाइन बिछाने और तीन स्थानों पर स्टोरेज टैंक बनाने के लिए करीब 270 करोड़ रुपये की योजना का शिलान्यास करवाया गया। दावा किया गया कि इस योजना से अजमेर को 70 एमएलडी अतिरिक्त पानी मिलेगा और शहर के अंतिम छोर तक पेयजल पहुंचेगा।
लेकिन मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, शिलान्यास के समय संबंधित कंपनी को केवल लेटर ऑफ इंटेंट जारी हुआ था, जबकि विधिवत कार्यादेश जारी नहीं हुआ था और टेंडर प्रक्रिया से संबंधित आपत्तियां भी लंबित थीं।
उन्होंने सवाल उठाया कि जब कार्यादेश जारी नहीं हुआ था तो शिलान्यास करवाने की इतनी जल्दबाजी क्यों दिखाई गई? क्या जनता को विकास का सपना दिखाकर राजनीतिक वाहवाही लूटना ही उद्देश्य था? जनता को यह क्यों नहीं बताया गया कि योजना की वास्तविक स्थिति क्या है और काम शुरू होने में कितना समय लगेगा?
चुनाव के समय घोषणाएं, बाद में जनता को इंतजार!
डॉ. जयपाल ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार और उसके जनप्रतिनिधियों की राजनीति घोषणाओं, शिलान्यासों और प्रचार तक सीमित होती जा रही है। चुनाव के समय करोड़ों-अरबों रुपये की योजनाओं के सपने दिखाए जाते हैं, अखबारों में बड़ी-बड़ी खबरें छपवाई जाती हैं, लेकिन जब जनता धरातल पर काम मांगती है तो उसे इंतजार करना पड़ता है।
उन्होंने कहा कि विधानसभा अध्यक्ष जैसे महत्वपूर्ण संवैधानिक पद पर बैठे व्यक्ति से अजमेर की जनता को गंभीरता और जवाबदेही की अपेक्षा है। देवनानी को अपनी उपलब्धियां गिनाने से पहले शहर की पेयजल व्यवस्था का हिसाब देना चाहिए।
डॉ. जयपाल ने देवनानी से पूछे सीधे सवाल
1. अजमेर के अनेक क्षेत्रों में आज भी 72 घंटे के अंतराल से पानी क्यों दिया जा रहा है?
2. 270 करोड़ की योजना का विधिवत कार्यादेश कब जारी होगा?
3. नसीराबाद से अजमेर तक पाइपलाइन बिछाने का काम कब शुरू होगा?
4. तीनों स्टोरेज टैंक कब बनकर तैयार होंगे?
5. अजमेर को 70 एमएलडी अतिरिक्त पानी कब उपलब्ध होगा?
6. वर्तमान पेयजल व्यवस्था में सुधार के लिए तत्काल क्या कदम उठाए जा रहे हैं?
जनता को शिलान्यास नहीं, पानी चाहिए; कांग्रेस करेगी जोरदार विरोध
डॉ. राजकुमार जयपाल ने कहा कि अजमेर की जनता को शिलान्यास के पत्थर नहीं, अपने घरों में पर्याप्त पानी चाहिए। 270 करोड़ रुपये की योजना का प्रचार करके अपनी पीठ थपथपाने से जनता की प्यास नहीं बुझने वाली। विधानसभा अध्यक्ष देवनानी को यह स्पष्ट करना होगा कि अजमेर की पेयजल व्यवस्था में अपेक्षित सुधार क्यों नहीं हुआ। जनता को चुनावी वादों और अखबारों में छपने वाली घोषणाओं से अब बहलाया नहीं जा सकता।
अंत में अजमेर शहर जिला कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता शैलेश गुप्ता ने भी विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि देवनानी अजमेर की जनता को घोषणाओं के नाम पर कब तक गुमराह करते रहेंगे? 270 करोड़ रुपये की योजना का शिलान्यास करवाकर वाहवाही लूटने के बजाय पहले यह जवाब दें कि अजमेर की जनता को आज भी 72 घंटे में नाममात्र का पानी क्यों मिल रहा है? जब कार्यादेश जारी नहीं हुआ था तो शिलान्यास का इतना बड़ा प्रचार किसलिए किया गया? योजना का काम कब शुरू होगा और जनता को पर्याप्त पानी कब मिलेगा? गुप्ता ने कहा कि देवनानी को अब अखबारों में अपनी उपलब्धियां छपवाने के बजाय जनता के सवालों का जवाब देना चाहिए। अजमेर की जनता को भाषण नहीं, पानी चाहिए और शिलान्यास के पत्थर नहीं, धरातल पर काम चाहिए। कांग्रेस इस दिखावटी विकास और जनता की पेयजल समस्या की अनदेखी का पुरजोर विरोध करेगी। जरूरत पड़ी तो कांग्रेस सड़कों पर उतरकर आंदोलन करेगी और देवनानी से जनता की एक-एक बूंद पानी का हिसाब मांगेगी।
जारीकर्ता:
शैलेश गुप्ता
प्रवक्ता, अजमेर शहर जिला कांग्रेस कमेटी